नई दिल्ली/बिलासपुर। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री और बिलासपुर सांसद तोखन साहू 2 से 6 नवंबर 2026 तक स्पेन के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे बार्सिलोना और मैड्रिड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। दौरे का उद्देश्य भारत के आवास और शहरी विकास के अनुभवों को वैश्विक मंच पर साझा करना तथा स्पेन की आधुनिक शहरी विकास परियोजनाओं और श्रेष्ठ प्रक्रियाओं का अध्ययन करना है।

स्मार्ट सिटी एक्सपो में करेंगे इंडिया पवेलियन का उद्घाटन
तोखन साहू 3 नवंबर को बार्सिलोना में आयोजित स्मार्ट सिटी एक्सपो वर्ल्ड कांग्रेस 2026 में शामिल होंगे और इंडिया पवेलियन का उद्घाटन करेंगे। उनके नेतृत्व में भारत के विभिन्न राज्यों के 20 वरिष्ठ अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल भी सम्मेलन में हिस्सा लेगा। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सोनमणि बोरा भी इस प्रतिनिधिमंडल में शामिल हैं।
सम्मेलन में मंत्री ‘हाउसिंग फॉर ऑल: बिल्डिंग इन्क्लूसिव एंड सस्टेनेबल फ्यूचर्स’ विषय पर आयोजित सत्र में भारत के आवास मॉडल और प्रधानमंत्री आवास योजना के अनुभव साझा करेंगे। इसमें किफायती एवं समावेशी आवास, बड़े पैमाने पर निर्माण, नवाचार आधारित वित्तीय व्यवस्था और जनभागीदारी जैसे विषय शामिल होंगे। वे ‘रीक्लेमिंग पब्लिक स्पेस: रीजेनरेशन, गवर्नेंस एंड एवरीडे लाइफ’ विषय पर आयोजित सत्र में भी भाग लेंगे।
बार्सिलोना में आवास नीति और स्मार्ट सिटी मॉडल का अध्ययन
बार्सिलोना प्रवास के दौरान तोखन साहू कैटेलोनिया की आवास एवं पारिस्थितिक संक्रमण मंत्री सिल्विया पानेके सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इन बैठकों में आवास नीति, शहरी नियोजन, सार्वजनिक आवास, भूमि विकास, परिवहन और नागरिक सुविधाओं पर चर्चा होगी।
वे बार्सिलोना के 22@ इनोवेशन डिस्ट्रिक्ट सहित शहरी पुनर्विकास और आधुनिक शहरी प्रबंधन से जुड़ी परियोजनाओं का भी अवलोकन करेंगे।
मैड्रिड में शहरी पुनर्विकास परियोजनाओं का अवलोकन
4 से 6 नवंबर तक मैड्रिड में उनका कार्यक्रम प्रस्तावित है। यहां वे मैड्रिड रियो परियोजना, मैड्रिड न्यूवो नॉर्टे शहरी पुनर्विकास एवं ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (TOD) परियोजना और प्लाजा डी एस्पान्या के मोबिलिटी हब का अवलोकन करेंगे।
इसके अलावा स्पेन के आवास एवं शहरी एजेंडा मंत्रालय तथा आवास, निर्माण और शहरी अधोसंरचना से जुड़ी संस्थाओं और कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें भी होंगी। इनमें निवेश, तकनीकी सहयोग, टिकाऊ निर्माण, सार्वजनिक परिवहन और शहरी अधोसंरचना के विकास पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
भारत-स्पेन सहयोग को मिलेगी नई दिशा
भारत और स्पेन के बीच वर्ष 1956 से राजनयिक संबंध हैं। वर्ष 2026 दोनों देशों के राजनयिक संबंधों की 70वीं वर्षगांठ है। इस अवसर पर दोनों देश संस्कृति, पर्यटन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में द्वैध वर्ष मना रहे हैं। जनवरी 2025 में सतत शहरी विकास के क्षेत्र में सहयोग के लिए दोनों देशों के बीच समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर किए गए थे।
ऐसे में तोखन साहू का यह दौरा आवास और शहरी विकास के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने का अवसर माना जा रहा है। भारत प्रधानमंत्री आवास योजना के जरिए बड़े पैमाने पर किफायती आवास उपलब्ध कराने के अपने अनुभव साझा करेगा। वहीं, स्पेन के शहरी पुनर्विकास, सार्वजनिक परिवहन, हरित क्षेत्रों और आधुनिक नगर नियोजन से भारत को सीखने का अवसर मिलेगा।
विकसित भारत @2047 के लक्ष्य से जुड़ी पहल
भारत और स्पेन के बीच शहरी विकास के क्षेत्र में सहयोग से तकनीकी आदान-प्रदान, निवेश, निर्माण क्षेत्र में साझेदारी और संस्थागत सहयोग की संभावनाएं बढ़ सकती हैं। किफायती आवास, टिकाऊ शहरीकरण और आधुनिक नागरिक सुविधाओं के विस्तार जैसे साझा मुद्दों पर दोनों देश अपने अनुभव और तकनीक साझा कर सकते हैं।
यह दौरा विकसित भारत @2047 के लक्ष्य के तहत वैश्विक साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।