November 19, 2026

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी एप मामले में आरोपी सौरभ चंद्राकर को लेकर अहम खबर सामने आई है। रायपुर की विशेष CBI अदालत ने सौरभ चंद्राकर की 8 दिन की कस्टोडियल रिमांड मंजूर कर दी है। अदालत ने CBI को उसे दिल्ली स्थित अपने मुख्यालय ले जाकर पूछताछ करने की अनुमति भी दी है। अब एजेंसी की टीम दिल्ली में उससे पूछताछ करेगी।

रिमांड मिलने के बाद CBI महादेव ऑनलाइन बेटिंग एप के संचालन, कथित सट्टेबाजी नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और सिंडिकेट से जुड़े लोगों के बारे में सौरभ से पूछताछ कर सकती है।

CCTV कैमरों की निगरानी में होगी पूछताछ

सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था। इसके बाद CBI उसे दिल्ली से रायपुर लेकर पहुंची और बुधवार को विशेष अदालत में पेश किया। सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने गिरफ्तारी की वैधता और प्रत्यर्पण की शर्तों पर सवाल उठाए थे। वहीं, CBI ने पूछताछ की जरूरत बताते हुए रिमांड मांगी थी।

अदालत से रिमांड और दिल्ली मुख्यालय ले जाने की अनुमति मिलने के बाद अब CBI उससे विस्तार से पूछताछ करेगी। पूछताछ मुख्यालय में CCTV कैमरों की निगरानी में होगी। अदालत ने सौरभ को शाम के समय अपने वकील से मुलाकात करने की अनुमति भी दी है।

ED ने भी मांगी कस्टडी

इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी सौरभ चंद्राकर की कस्टडी हासिल करने के लिए अदालत में आवेदन दिया है। ऐसे में CBI की पूछताछ पूरी होने के बाद ED की ओर से उसकी कस्टडी मांगे जाने की प्रक्रिया पर भी नजर रहेगी।

महादेव सट्टा नेटवर्क से जुड़े राज खुलने की उम्मीद

करीब 6,000 करोड़ रुपये के कथित महादेव सट्टेबाजी नेटवर्क की जांच में सौरभ चंद्राकर से पूछताछ को अहम माना जा रहा है। जांच एजेंसियां नेटवर्क के संचालन, पैसों के लेन-देन, हवाला के जरिए रकम भेजने और कथित संरक्षण राशि से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।

पूछताछ में नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, विदेशों में संचालित गतिविधियों और आर्थिक लेन-देन के बारे में जानकारी मिलने की संभावना है। हालांकि, जांच के दौरान कौन-से नए तथ्य सामने आते हैं, यह पूछताछ के बाद ही स्पष्ट होगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *