November 19, 2026

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रेसवार्ता कर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद अब तक रवि उप्पल और शुभम सोनी को गिरफ्तार कर भारत और रायपुर क्यों नहीं लाया गया है।

बैज ने आरोप लगाया कि महादेव सट्टा एप का मामला प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) तक जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस मामले का इस्तेमाल चुनावी लाभ लेने के लिए किया। चुनाव के दौरान शुभम सोनी के वीडियो और तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर लगाए गए आरोपों को लेकर मंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक बयान देते रहे, लेकिन चुनाव के बाद कार्रवाई धीमी पड़ गई।

कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कार्रवाई शुरू होने का दावा

दीपक बैज ने दावा किया कि महादेव ऑनलाइन सट्टा एप के खिलाफ कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ही कार्रवाई शुरू कर दी गई थी। उनके मुताबिक, उस दौरान 72 से अधिक एफआईआर दर्ज की गईं और एप को गूगल से हटाने की पहल भी की गई थी। उन्होंने यह भी कहा कि रायपुर पुलिस की अर्जी पर रवि उप्पल के खिलाफ सर्कुलर जारी कराने की प्रक्रिया तत्कालीन सरकार के समय शुरू हुई थी।

तीन साल में एप बंद कराने के लिए क्या किया?

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार से पूछा कि पिछले तीन वर्षों में महादेव सट्टा एप को पूरी तरह बंद कराने के लिए क्या कदम उठाए गए? इस दौरान कितनी एफआईआर दर्ज हुईं और प्रधानमंत्री कार्यालय को कितनी बार पत्र लिखा गया?

उन्होंने आरोप लगाया कि महादेव एप अब भी सोशल मीडिया के माध्यम से संचालित हो रहा है। बैज ने महादेव एप के अलावा महाकाल बुक, जन्नत बुक, राजवीर ऑनलाइन, लोटस 365, अलीबाबा बुक, खेलों यार, लायल बुक और डायवर्ड एक्स डॉट कॉम जैसे प्लेटफॉर्म का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में ऑनलाइन जुआ और सट्टे का कारोबार फल-फूल रहा है और इसे राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है।

PMO तक कनेक्शन होने का आरोप

दीपक बैज ने आरोप लगाया कि महादेव सट्टा एप से जुड़े तार प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन सट्टेबाजी से संबंधित गतिविधियों पर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के स्तर पर भी कार्रवाई की जरूरत है।

उन्होंने सवाल किया कि रवि उप्पल और शुभम सोनी की गिरफ्तारी कब होगी और उन्हें भारत कब लाया जाएगा। बैज ने यह आरोप भी लगाया कि महादेव सट्टे से मिलने वाला पैसा भाजपा के एक विधायक के माध्यम से दिल्ली तक पहुंच रहा है। उन्होंने ललित मोदी और हिरव मोदी को वापस लाने के मुद्दे पर भी सरकार से सवाल किए।

प्रदीप मिश्रा, PMO अधिकारियों और विकास गर्ग से एक साथ पूछताछ की मांग

बैज ने कथा वाचक प्रदीप मिश्रा, प्रधानमंत्री कार्यालय के अधिकारियों और विकास गर्ग को एक साथ बैठाकर पूछताछ करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच में भाजपा के किन नेताओं का संबंध सामने आता है और आरोपियों को किसका संरक्षण मिला, इसकी भी पड़ताल होनी चाहिए।

प्रेसवार्ता में प्रदीप मिश्रा से पूछताछ को लेकर सवाल किए जाने पर बैज ने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि इन सभी लोगों से एक साथ पूछताछ हो, ताकि मामले से जुड़े तथ्यों का पता चल सके।

बोले- कई सवाल अब भी अनुत्तरित

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मौजूदा मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए महादेव सट्टा एप मामले को अलग दिशा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच अभी पूरी नहीं हुई है और कई सवालों के जवाब सामने आना बाकी हैं।

बैज ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि मामले में अब तक क्या कार्रवाई हुई है और किन लोगों से पूछताछ की गई है। उन्होंने टिप्पणी की कि मामले में कहीं न कहीं दाल में कुछ काला जरूर है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *