November 25, 2026

भोपाल। मध्यप्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और उन्नत देशी नस्ल की गायों के पालन को प्रोत्साहित करने के लिए पशुपालन एवं डेयरी विभाग की ओर से गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। 27 अक्टूबर से शुरू हुई यह प्रतियोगिता शनिवार, 31 अक्टूबर को समाप्त होगी। पहले वर्ष में इसके लिए प्रदेश के 208 चयनित वृंदावन ग्रामों को शामिल किया गया है। प्रतियोगिता में सर्वाधिक दूध देने वाली गायों के पशुपालकों को उनके प्रदर्शन के आधार पर पुरस्कृत किया जाएगा। इसमें सभी वर्गों के पशुपालक भाग ले सकते हैं।

प्रथम पुरस्कार एक लाख, दूसरे स्थान पर 50 हजार रुपये

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादन करने वाले पशुपालकों के लिए तीन पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को एक लाख रुपये, द्वितीय स्थान पर आने वाले को 50 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले पशुपालक को 25 हजार रुपये की राशि दी जाएगी।

विभाग के अनुसार, गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना को मुख्यमंत्री पशुपालन विकास योजना के अंतर्गत लागू करने की स्वीकृति दी जा चुकी है। इस पहल का उद्देश्य पशुपालकों को बेहतर नस्ल की गायों के पालन और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करना है।

624 पुरस्कारों पर खर्च होंगे 3.64 करोड़ रुपये

योजना के तहत कुल 624 पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादन करने वाले पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के लिए लगभग 3 करोड़ 64 लाख रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी।

योजना में गिर, साहीवाल, थारपारकर, मालवी और निवाड़ी सहित अन्य उन्नत अधिसूचित देशी नस्लों के संरक्षण और संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुरस्कार में मिलने वाली राशि का उपयोग शत-प्रतिशत देशी गोवंश की खरीद, संरक्षण और संवर्धन के लिए ही किया जा सकेगा।

2027-28 से सभी 313 विकासखंडों में होगी प्रतियोगिता

योजना के दूसरे वर्ष यानी 2027-28 से 2030-31 तक प्रदेश के सभी 313 विकासखंडों में विकासखंड स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित करने की योजना है। इसके जरिए वृंदावन ग्रामों को दुग्ध उत्पादन और देशी गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के आदर्श केंद्रों के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।

सरकार का मानना है कि इस पहल से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के साथ पशुपालकों की आय में वृद्धि होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

विकासखंड और जिला स्तर पर समितियां करेंगी चयन

प्रतियोगिता के आयोजन और विजेताओं के चयन के लिए विकासखंड और जिला स्तर पर समितियां गठित की गई हैं।

विकासखंड स्तरीय समिति में अनुभाग अधिकारी (राजस्व) के साथ पशुपालन एवं डेयरी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं। विकासखंड पशु चिकित्सा अधिकारी समिति के सदस्य सचिव होंगे। यह समिति पशुपालकों से आवेदन प्राप्त करने, उनका परीक्षण करने और प्रतियोगिता आयोजित कराने की जिम्मेदारी संभालेगी। परिणामों का संकलन कर प्रस्ताव जिला स्तर पर भेजे जाएंगे।

जिला स्तरीय समिति में जिला कलेक्टर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, पशुपालन एवं डेयरी विभाग के उपसंचालक, किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के उपसंचालक और सहकारी संस्थाओं के उप पंजीयक शामिल होंगे। पशुपालन एवं डेयरी विभाग के उपसंचालक समिति के सदस्य सचिव होंगे। समिति विकासखंड से प्राप्त प्रस्तावों का निर्धारित मापदंडों के अनुसार परीक्षण और सत्यापन कर विजेताओं के नाम स्वीकृत करेगी।

योजना के प्रमुख उद्देश्य

  • प्रत्येक चयनित ग्राम में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना।
  • अधिक दूध देने वाली गायों और उत्कृष्ट पशुपालकों की पहचान करना।
  • पशुपालकों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करना।
  • पुरस्कार राशि के माध्यम से उन्नत देशी नस्ल की गायों के पालन को बढ़ावा देना।
  • गिर, साहीवाल, थारपारकर सहित अन्य अधिसूचित स्वदेशी नस्लों का संरक्षण और संवर्धन करना।
  • गांवों को दुग्ध उत्पादन और देशी पशुधन संवर्धन के आदर्श केंद्र के रूप में विकसित करना।
  • पशुपालकों की आय बढ़ाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना।

योजना के नियमों के अनुसार, वृंदावन ग्राम या विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में एक परिवार से एक ही प्रतिभागी या गाय को शामिल किया जा सकेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *