मानपुर। स्कूली बच्चों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने के लिए जिला खनिज न्यास (DMF) मद से करीब एक करोड़ रुपये की लागत से चार स्कूलों में बनाए गए हाईटेक डिजिटल क्लासरूम प्रशासनिक उदासीनता के चलते अपेक्षित रूप से संचालित नहीं हो पा रहे हैं। कहीं इंटरनेट की सुविधा नहीं है तो कहीं शिक्षकों को जरूरी प्रशिक्षण नहीं दिया गया। नतीजतन लाखों रुपये के उपकरण स्कूलों में रखे हैं, लेकिन विद्यार्थियों को डिजिटल पढ़ाई का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

जिले के ग्राम भर्रीटोला, दनगड़, गोटाटोला और कौड़ीकसा के हायर सेकेंडरी स्कूलों में डिजिटल क्लासरूम स्थापित किए गए हैं। इनका उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना था। लेकिन जमीनी स्थिति में कई कमियां सामने आई हैं।
इंटरनेट और शिक्षक के अभाव में बंद पड़ा क्लासरूम
आदिवासी बाहुल्य और सुदूर वनांचल क्षेत्र मानपुर के ग्राम भर्रीटोला स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में डिजिटल क्लासरूम स्थापित तो कर दिया गया, लेकिन वहां इंटरनेट कनेक्शन की व्यवस्था नहीं की गई। टीवी स्क्रीन, फर्नीचर और अन्य उपकरणों से सुसज्जित कक्ष पर ताला लगा हुआ है।
स्कूल में न तो डिजिटल अध्यापन के लिए अलग शिक्षक की व्यवस्था की गई और न ही मौजूदा शिक्षकों को इसके संचालन का समुचित प्रशिक्षण मिला। ऐसे में स्थापना के बाद से डिजिटल क्लासरूम का उपयोग नहीं हो सका है। डिजिटल शिक्षा की उम्मीद लगाए बैठे विद्यार्थी भी इस सुविधा का लाभ नहीं मिलने से निराश हैं।
कहीं नेटवर्क की समस्या, कहीं ट्रेनिंग की कमी
ग्राम दनगड़ और गोटाटोला के स्कूलों में डिजिटल क्लासरूम के लिए इंटरनेट कनेक्शन तो लगाया गया है, लेकिन शिक्षकों को कोई औपचारिक प्रशिक्षण नहीं दिया गया। कुछ शिक्षक अपनी रुचि और जानकारी के आधार पर बच्चों की डिजिटल क्लास लेते हैं, लेकिन नेटवर्क की समस्या के कारण पढ़ाई सुचारु रूप से नहीं हो पाती।
वहीं कौड़ीकसा हायर सेकेंडरी स्कूल में उपकरण लगाने वाली कंपनी ने शिक्षकों को करीब एक घंटे का प्रशिक्षण दिया था। हालांकि हाईटेक उपकरणों के संचालन और उनके माध्यम से पढ़ाने के लिए यह प्रशिक्षण नाकाफी माना जा रहा है। इसके बावजूद यहां के स्थानीय शिक्षक डिजिटल क्लासरूम में विद्यार्थियों को पढ़ा रहे हैं।
DMF फंड के उपयोग पर उठे सवाल
मानपुर जनपद पंचायत की शिक्षा समिति के सभापति देवानंद कौशिक ने भर्रीटोला स्कूल में बिना उपयोग के पड़े उपकरणों को DMF फंड का दुरुपयोग बताया है। उन्होंने चारों स्कूलों में डिजिटल क्लासरूम स्थापित करने के बावजूद प्रशिक्षक और समुचित प्रशिक्षण की व्यवस्था नहीं होने पर भी सवाल उठाए हैं।
इधर, जिला शिक्षा अधिकारी ने डिजिटल क्लासरूम के संचालन में आ रही कमियों को जल्द दूर करने का आश्वासन दिया है। अब देखना होगा कि प्रशासन कब तक इन कमियों को दूर कर पाता है, ताकि विद्यार्थियों को इस परियोजना का वास्तविक लाभ मिल सके।