November 23, 2026

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पाली थाना क्षेत्र के ग्राम जमनीमुड़ा में महिला का शव उसके घर के अंदर मिला। मृतका की पहचान अगहन कुंवर चौहान के रूप में हुई है। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने से प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।

पति ने घर पहुंचकर देखा शव

जानकारी के अनुसार, सुबह महिला के पति सहदेव राम चौहान घर पहुंचे तो उन्हें पत्नी का शव पड़ा मिला। यह देखकर वे घबरा गए और पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। घटनास्थल से ईंट के टुकड़े भी बरामद हुए हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि महिला पर किसी भारी वस्तु से हमला किया गया होगा। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मौके पर पहुंची पुलिस, डॉग स्क्वायड ने की जांच

सूचना मिलते ही पाली थाना प्रभारी मनीष कौशिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया, जिसने मौके पर जांच की। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

फिलहाल पुलिस महिला की मौत के कारणों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हत्या हुई है या मौत की वजह कुछ और है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *