बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने सात साल के बेटे की अभिरक्षा अपने पास देने की मांग करने वाले पिता की अपील खारिज कर दी है। हालांकि, कोर्ट ने उन्हें बच्चे से मिलने की अनुमति दी है। इसके लिए पिता को पहले मां को सूचना देनी होगी और मुलाकात के समय व स्थान पर उनकी सहमति लेनी होगी। जस्टिस सुषमा सावंत की पीठ ने बलौदाबाजार निवासी पिता की अपील का निराकरण करते हुए यह व्यवस्था दी।

तलाक के बाद मां के पास रह रहा है बच्चा
दरअसल, पिता ने पारिवारिक न्यायालय के 27 अगस्त 2024 के फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। पारिवारिक न्यायालय ने बेटे की अभिरक्षा मां को देने के फैसले के खिलाफ पिता की याचिका खारिज कर दी थी। दोनों का विवाह 28 अप्रैल 2015 को हुआ था और 7 फरवरी 2022 को उनका तलाक हो गया। इसके बाद से बेटा मां के साथ रह रहा है।
पेशे से शिक्षक पिता ने दावा किया था कि वे बेटे को बेहतर शिक्षा और देखभाल दे सकते हैं। उनका परिवार संयुक्त है और घर के अन्य सदस्य भी बच्चे की देखभाल कर सकते हैं। वहीं, मां ने इसका विरोध करते हुए कहा कि वह बेटे की पढ़ाई और परवरिश ठीक से कर रही हैं।
बच्चे का हित सबसे महत्वपूर्ण: हाईकोर्ट
मां ने कोर्ट को बताया कि बच्चा दूसरी कक्षा में पढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिता ने बच्चे के जन्म के बाद से उससे मिलने या उसकी देखभाल करने में रुचि नहीं दिखाई और भरण-पोषण की राशि भी नियमित रूप से नहीं दी।
हाईकोर्ट ने कहा कि बच्चे की अभिरक्षा तय करते समय माता-पिता के अधिकारों से ज्यादा बच्चे का कल्याण महत्वपूर्ण है। पिता का शिक्षक होना और बेहतर शिक्षा देने की क्षमता अपने आप में यह साबित नहीं करती कि मां के पास बच्चे की उपेक्षा हो रही है। मां ने स्कूल फीस की रसीदें भी पेश की थीं, जिनसे बच्चे की पढ़ाई जारी होने की पुष्टि हुई।
पिता के साथ बच्चे का नहीं रहा सार्थक संपर्क
कोर्ट ने पाया कि बचपन से ही पिता और बच्चे के बीच सार्थक संपर्क नहीं रहा है। पारिवारिक न्यायालय में पेशी के दौरान भी बच्चे ने पिता के साथ जाने की इच्छा नहीं जताई थी। ऐसे में बच्चे का मौजूदा माहौल बदलने का कोई ठोस आधार नहीं मिला।
सुनवाई के दौरान पिता के वकील ने भी अभिरक्षा की मांग पर जोर देने के बजाय मुलाकात का अधिकार देने की मांग तक अपनी दलील सीमित कर दी थी।
सार्वजनिक स्थान पर मिल सकेंगे पिता
हाईकोर्ट ने कहा कि हर सप्ताह या महीने मुलाकात का समय तय करने से माता-पिता के बीच विवाद बढ़ सकता है और बच्चे पर मानसिक दबाव पड़ सकता है। इसलिए पिता सार्वजनिक स्थान पर बच्चे से मिलने का अनुरोध कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें पहले मां को सूचना देनी होगी और समय व स्थान पर उनकी सहमति लेनी होगी।
कोर्ट ने मां से अपेक्षा की कि वे बच्चे के हित को प्राथमिकता देते हुए मुलाकात के अनुरोध पर सद्भावना से विचार करें। हाईकोर्ट ने बच्चे की अभिरक्षा मां के पास रखने के पारिवारिक न्यायालय के फैसले को बरकरार रखा और मुलाकात की व्यवस्था में सीमित संशोधन के साथ अपील का निराकरण कर दिया।