जनांदगांव। पीएम आवास शहरी 2.0 को स्वीकृति मिलने पर सांसद संतोष पांडेय ने खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद सरकार ने सबसे पहले आवास योजना पर काम किया। जिन आवासों को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रोक दिया था, उन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार ने सबसे पहले हस्ताक्षर किए। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 84 नगरीय निकायों के लिए नए आवास स्वीकृत हुए हैं। सांसद ने कहा कि हर व्यक्ति के सिर पर छत होनी चाहिए और सरकार इस दिशा में चिंता कर रही है।

एक हजार से अधिक पदों पर भर्ती को युवाओं के लिए सौगात बताया
धनतेरस के अवसर पर मीडिया से बातचीत में सांसद ने राज्य सरकार की ओर से एक हजार से अधिक पदों पर भर्ती किए जाने के फैसले का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने युवाओं को तोहफा दिया है। अग्निवीर योजना के बाद छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए यह बड़ी सौगात है।
कांग्रेस में विरोधियों की सूची भेजने का लगाया आरोप
कांग्रेस रैली में शामिल नहीं होने वाले पदाधिकारियों पर कार्रवाई के सवाल पर संतोष पांडेय ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी में लोग अपने-अपने विरोधियों की सूची बनाकर भेज रहे हैं। कुछ लोग कार्रवाई की तैयारी कर रहे हैं, तो कुछ कार्रवाई करवाने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में आपसी खींचतान देखने को मिल रही है।
’10 जनपद में गांधारी पट्टी बांधकर बैठी हैं’
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के बयान कि कांग्रेस अर्जुन है और हर चक्रव्यूह तोड़ेगी, पर सांसद ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “यह अर्जुन नहीं, दुर्योधन है और 10 जनपद में गांधारी पट्टी बांधकर बैठी है।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व को अपने पुत्र दुर्योधन के अलावा कोई दिखाई नहीं देता। सांसद ने महाभारत का उदाहरण देते हुए कांग्रेस के पतन की बात कही।
बस्तर में अमन-चैन का माहौल होने का दावा
रामलीला मैदान में कांग्रेस के प्रदर्शन पर भी सांसद ने तंज कसा। उन्होंने दावा किया कि सभा में मंच और कुर्सियां दोनों खाली थीं। वहीं, बस्तर के कई गांवों में दीप जलाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कोंटा, दंतेवाड़ा, कोंडागांव और बस्तर में खुशी का माहौल है। उनके मुताबिक, क्षेत्र में अमन-चैन की बयार बह रही है और दीपों की रोशनी से बस्तर जगमगाएगा।