November 24, 2026

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा को आधुनिक तकनीक से लैस कर कामकाज को पारदर्शी, सुगम और पेपरलेस बनाने की दिशा में पहल तेज हो गई है। राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन (NeVA) के प्रभावी क्रियान्वयन और सुचारू उपयोग के लिए आयोजित दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हो गया। इसमें विधानसभा के अधिकारियों और कर्मचारियों को एप्लीकेशन के तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी गई।

एडमिन, प्रश्न और समिति मॉड्यूल का प्रशिक्षण

प्रशिक्षण सत्र में भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय के NeVA समन्वयक अमन गौतम और श्रीधर स्वामी ने एप्लीकेशन के विभिन्न तकनीकी मॉड्यूल की जानकारी दी। प्रतिभागियों को विशेष रूप से एडमिन मॉड्यूल, प्रश्न मॉड्यूल और समिति मॉड्यूल के उपयोग एवं संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विधायी कार्यों में डिजिटल तकनीक का उपयोग बढ़ाना और अधिकारियों-कर्मचारियों को नई कार्यप्रणाली के लिए तैयार करना था।

डिजिटल प्लेटफॉर्म पर होंगी विधायी प्रक्रियाएं

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को डिजिटल माध्यम से विधानसभा के प्रश्न और सूचनाएं प्रस्तुत करने, विधायी दस्तावेजों का ऑनलाइन प्रबंधन और सुरक्षित रखरखाव करने तथा सदन की कार्यवाही से जुड़ी सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान करने की प्रक्रिया समझाई गई।

इसके अलावा विभिन्न संसदीय और विधायी प्रक्रियाओं को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए संचालित करने का प्रशिक्षण भी दिया गया। विशेषज्ञों के मुताबिक, इससे कामकाज सरल और तेज होने के साथ कार्य निष्पादन की दक्षता भी बढ़ेगी।

चिप्स और NIC के अधिकारियों ने भी लिया हिस्सा

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ छत्तीसगढ़ इन्फोटेक प्रमोशन सोसायटी (चिप्स) तथा राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) के संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी भाग लिया।

क्या है NeVA और इससे क्या होगा फायदा?

राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय की डिजिटल पहल है। इसका उद्देश्य देश की विधानसभाओं को आधुनिक सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी से जोड़कर उनके कामकाज को डिजिटल और पेपरलेस बनाना है।

छत्तीसगढ़ विधानसभा में NeVA के प्रभावी उपयोग से विधायी दस्तावेजों के प्रबंधन और सूचनाओं के आदान-प्रदान में सुविधा होगी। इससे समय और कागज की बचत के साथ विधानसभा की कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *