November 24, 2026

रायपुर। भाजपा सांसद संतोष पांडेय के सोनिया गांधी को ‘गांधारी’ और कांग्रेस नेताओं को ‘दुर्योधन-दुशासन’ कहने पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। राहुल गांधी ने ठीक कहा था कि हम उनको पागल कर देंगे।

दिल्ली रवाना होने से पहले मीडिया से की चर्चा

राहुल गांधी के निमंत्रण पर दिल्ली रवाना होने से पहले भूपेश बघेल ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री के एक बयान, संसद में चर्चा और भाजपा नेताओं के बयानों को लेकर सवाल उठाए।

बघेल ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि क्राइम हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं। उन्होंने भाजपा नेताओं के अलग-अलग बयानों का हवाला देते हुए कहा कि अमित शाह रायपुर में आकर राहुल गांधी को संसद में चर्चा करने की सलाह देते हैं, जबकि पहले कहा जाता था कि संसद में चर्चा नहीं हो सकती। बघेल के मुताबिक, राहुल गांधी संसद में चर्चा के लिए तैयार हैं, लेकिन भाजपा नेता अपनी पुरानी बातें भूल जाते हैं।

नेहरू पर निशिकांत दुबे के बयान को लेकर भी साधा निशाना

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के पंडित जवाहरलाल नेहरू को लेकर दिए गए बयान पर भी बघेल ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि नेहरू के समय बांग्लादेश का गठन नहीं हुआ था, बल्कि यह इंदिरा गांधी के कार्यकाल में हुआ था।

बघेल ने ऑपरेशन और सीजफायर को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राजनाथ सिंह ने बदला नहीं लेने की बात कही थी, लेकिन ट्रंप का फोन आने के बाद सीजफायर हो गया। बघेल ने सवाल किया कि जब हमारे जवान आगे बढ़ चुके थे, तो उन्हें रोका क्यों गया? क्या ‘फादरलैंड’ से फोन आने के कारण ऑपरेशन रोक दिया गया?

धान खरीदी को लेकर सरकार पर लगाए आरोप

पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश में धान खरीदी की तैयारियों को लेकर भी राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि धान खरीदी 1 नवंबर से शुरू हो जानी चाहिए थी, लेकिन सरकार ने इसके लिए जरूरी व्यवस्थाएं नहीं की हैं।

बघेल ने कहा कि प्रदेश में पटवारी हड़ताल पर हैं और सरकार अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग बातें कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की धान खरीदी करने की नीयत नहीं है और किसान परेशान हैं। उन्होंने राज्य सरकार से धान खरीदी के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं करने की मांग की।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *