रायपुर। त्योहारी सीजन को देखते हुए यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने शहर की यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। सदर बाजार, मालवीय रोड, जय स्तंभ चौक, पंडरी मार्केट, पुरानी बस्ती और भाठागांव जैसे प्रमुख बाजारों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पुलिस पेट्रोलिंग के साथ ड्रोन कैमरों से भी निगरानी कर रही है।

बाजारों में लगातार पेट्रोलिंग
यातायात पुलिस के अधिकारी और जवान बाजार क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रहे हैं। सड़कों पर आवागमन में बाधा बनने वाले वाहनों को तत्काल हटवाया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों और व्यापारियों को परेशानी न हो और यातायात सुचारू बना रहे।
नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर कार्रवाई
पुलिस नो-पार्किंग जोन और सड़क पर बाधा बनकर खड़े वाहनों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई कर रही है। क्रेन की मदद से ऐसे वाहनों को हटाया भी जा रहा है। अभियान के दौरान अब तक 100 से अधिक वाहनों को क्रेन के माध्यम से हटाया जा चुका है।
ड्रोन से बाजारों की निगरानी
यातायात प्रबंधन के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बाजार क्षेत्रों की ड्रोन कैमरों से निगरानी कर रही है। इसका उद्देश्य भीड़भाड़ वाले इलाकों पर नजर रखना और किसी भी अव्यवस्था या सुरक्षा संबंधी स्थिति में तत्काल कार्रवाई करना है।
पुलिस की नागरिकों से अपील
यातायात पुलिस ने नागरिकों से वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करने की अपील की है। साथ ही सड़क पर बनी सफेद पट्टी के भीतर ही पार्किंग करने और नो-पार्किंग जोन या संकरे रास्तों पर वाहन खड़ा नहीं करने की सलाह दी है।
पुलिस ने कहा है कि सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नागरिक यातायात नियमों का पालन करें और पुलिस का सहयोग करें।