रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों और उनके आश्रित परिजनों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा को मंत्रिपरिषद की मंजूरी मिलने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। फेडरेशन ने मुख्यमंत्री को अपने प्रस्तावित अभिनंदन समारोह में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया।

गंभीर बीमारी और आपातकालीन उपचार में मिलेगी राहत
प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित प्रमुख मांग रही है।
फेडरेशन के पदाधिकारियों के मुताबिक, इस सुविधा से गंभीर बीमारी और आकस्मिक उपचार की स्थिति में कर्मचारियों तथा उनके आश्रित परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी। अब इलाज के लिए पहले बड़ी रकम जुटाने और बाद में चिकित्सा प्रतिपूर्ति की प्रक्रिया से गुजरने जैसी परेशानियां कम होंगी।
लाखों शासकीय सेवकों को मिलेगा लाभ
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस फैसले से प्रदेश के लाखों शासकीय सेवकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा मिल सकेगी। पदाधिकारियों ने इसे कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय बताते हुए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर पंकज पाण्डेय, सत्येंद्र देवांगन, अश्वनी चेलक, जय कुमार साहू, पीताम्बर पटेल, आलोक मिश्रा और संतोष कुमार वर्मा सहित फेडरेशन के अन्य सदस्य मौजूद रहे।