November 24, 2026

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में सरकंडा पुलिस ने तथाकथित न्यूज पोर्टल संचालक दीपक टंडन को गिरफ्तार किया है। उस पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक से तस्वीरों में बदलाव कर भ्रामक और अपमानजनक खबरें प्रकाशित करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को रायपुर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया है।

29 अक्टूबर को दर्ज हुई थी शिकायत

जानकारी के मुताबिक, 29 अक्टूबर को मणीशंकर पांडेय ने सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया के माध्यम से आपत्तिजनक शीर्षकों के साथ भ्रामक खबरें प्रसारित की जा रही हैं।

इन खबरों में AI तकनीक की मदद से तस्वीरों को बदलकर गलत संदर्भ में प्रस्तुत किया जा रहा था। शिकायतकर्ता के अनुसार, इससे संबंधित व्यक्तियों और संस्थाओं की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही थी।

मोबाइल से आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो बरामद

शिकायत की जांच के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में रायपुर पहुंची और उसे रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, मोबाइल की जांच में न्यूज पोर्टल से संबंधित कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिले हैं। पुलिस इन डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।

अन्य आरोपियों की भूमिका भी जांच के दायरे में

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की धारा 4 और 5 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

मामले में अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

DSP कल्पना वर्मा मामले में भी आया था नाम

दीपक टंडन का नाम इससे पहले DSP कल्पना वर्मा से जुड़े मामले में भी सामने आया था। टंडन ने तत्कालीन दंतेवाड़ा पदस्थ DSP कल्पना वर्मा पर रिश्वत, ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी जैसे आरोप लगाए थे।

उसका दावा था कि दोनों के बीच करीब चार साल तक प्रेम संबंध रहा और इस दौरान उससे लगातार पैसों की मांग की गई। टंडन ने आरोप लगाया था कि वह अब तक करोड़ों रुपये, महंगी गाड़ी और कीमती गहने दे चुका है। उसने DSP के खिलाफ DGP और IG से भी शिकायत की थी। शिकायत में महादेव सट्टा एप का पैनल चलाने के लिए दबाव बनाए जाने का आरोप भी लगाया गया था।

हालांकि, ये आरोप टंडन की ओर से लगाए गए थे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *