November 25, 2026

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बेरोजगार युवाओं के लिए बिजली कंपनियों में नौकरी पाने का अवसर है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज की तीनों कंपनियों—जनरेशन, ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन—में 38 पदों के लिए कुल 1,501 रिक्तियों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। इनमें द्वितीय श्रेणी के 195 और तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के 1,306 पद शामिल हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर निकाली गई इस भर्ती में सबसे अधिक पद कनिष्ठ अभियंता और डाटा एंट्री ऑपरेटर के हैं। कनिष्ठ अभियंता (इलेक्ट्रिकल) के कुल 167 पदों में जनरेशन कंपनी के 11, ट्रांसमिशन कंपनी के 32 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 124 पद शामिल हैं।

वहीं, डाटा एंट्री ऑपरेटर के 609 पदों में जनरेशन कंपनी के 95, ट्रांसमिशन कंपनी के 64 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 450 पद निर्धारित किए गए हैं।

26 नवंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन

भर्ती के लिए 7 अगस्त 2026 को प्रारंभिक विज्ञापन जारी किया गया था। इसके बाद 14 सितंबर 2026 को संशोधन जारी हुआ और अब विस्तृत भर्ती विज्ञापन जारी किया गया है। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 6 नवंबर को शाम 8 बजे से शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 26 नवंबर की रात 11:55 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन शुल्क भी इसी समय सीमा तक नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और यूपीआई के माध्यम से जमा किया जा सकेगा।

तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए स्थानीय निवासी जरूरी

विज्ञापन के अनुसार, तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों पर केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अभ्यर्थी ही आवेदन कर सकेंगे। प्रत्येक पद के लिए शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य पात्रता की विस्तृत जानकारी भर्ती विज्ञापन में दी गई है।

आवेदन के समय बतानी होगी कंपनी की प्राथमिकता

तीनों कंपनियों के साझा पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान कंपनियों की प्राथमिकता का क्रम भी बताना होगा। अंतिम चयन के बाद अभ्यर्थियों को उनकी मेरिट, आवेदन में दी गई प्राथमिकता और संबंधित कंपनी में उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर कंपनी आवंटित की जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *