November 25, 2026

उज्जैन। नीलगंगा चौराहा पर तीन महीने पहले हुए दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी रोहित पासी को पुलिस ने नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, उज्जैन लाते समय आरोपी ने पुलिस वाहन से कूदकर भागने की कोशिश की। पुलिस के पीछा करने पर उसने गरोठ बायपास रोड स्थित ब्रिज से छलांग लगा दी। इस घटना में उसके पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

पुलिस वाहन खराब होने पर भागा आरोपी

नीलगंगा थाना प्रभारी तरुण कुरील के मुताबिक, आरोपी रोहित पिता राकेश पासी निवासी जबरन कॉलोनी को नागपुर से गिरफ्तार कर उज्जैन लाया जा रहा था। गरोठ बायपास के पास पुलिस वाहन खराब हो गया। पुलिसकर्मी मैकेनिक का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान रोहित वाहन से कूदकर भागने लगा और ब्रिज पर चढ़कर नीचे छलांग लगा दी। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया।

18 जुलाई की रात दो सगे भाइयों की हुई थी हत्या

दरअसल, 18 जुलाई की रात करीब 11 बजे नीलगंगा चौराहा पर पुरानी रंजिश के चलते पासी गुट ने भाजपा से जुड़े गौरकर परिवार पर हमला कर दिया था। हमले में धारदार हथियारों और पिस्तौल का इस्तेमाल किया गया था। इसमें दो सगे भाई लोकेश गोरकर और जय गोरकर की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, उनके चचेरे भाई तपन गौरकर और पिता दिलीप राव गोरकर गंभीर रूप से घायल हुए थे।

घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी। मृतक शहर के चर्चित और रसूखदार परिवार से जुड़े थे।

23 आरोपी चिन्हित, 19 गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में पासी गुट के कुल 23 आरोपियों को चिन्हित किया है। इनमें से रोहित की गिरफ्तारी के बाद अब तक 19 आरोपी पकड़े जा चुके हैं, जबकि चार आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *