November 25, 2026

भोपाल। मध्य प्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के तीन दिवसीय राज्योत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को लाल परेड ग्राउंड में मंगलदीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर स्वस्ति वाचन, सामूहिक वंदे मातरम्, पुलिस बैंड की प्रस्तुति और भव्य आतिशबाजी हुई। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की बधाई दी और कलाकारों का स्वागत किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश उद्योग, रोजगार, कृषि, दुग्ध उत्पादन, पर्यटन और विरासत संरक्षण के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। आने वाले समय में इन उपलब्धियों का और विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक चेतना और परिश्रमी समाज उसकी सबसे बड़ी ताकत है। मध्य प्रदेश का गठन किसी एक व्यक्ति या कालखंड का परिणाम नहीं, बल्कि यहां की संस्कृति, संस्कार और जनमानस की समर्पण भावना का प्रतिफल है।

12 लाख करोड़ का निवेश जमीन पर उतरा: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उद्योग वर्ष 2025 के दौरान युवाओं को बड़ी संख्या में रोजगार देने के प्रयास किए गए। वहीं, वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाते हुए कृषि क्षेत्र के विकास पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को 490 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी गई है।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रदेश में 12 लाख करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतर चुका है और निवेश का यह सिलसिला जारी है। कृषि की विकास दर 24 प्रतिशत से अधिक है। किसानों से विभिन्न परियोजनाओं के लिए जमीन लेने पर चार गुना राशि देने का निर्णय किया गया है। सिंचाई क्षेत्र का भी लगातार विस्तार हो रहा है।

उन्होंने दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश इस क्षेत्र में देश में तीसरे स्थान से पहले स्थान पर आने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहा है। पर्यटन विकास और विरासत संरक्षण के क्षेत्र में भी प्रदेश अपनी अलग पहचान बना रहा है।

15 जनवरी को भोपाल में सेना दिवस का आयोजन

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि युवा वर्ष के पहले ही महीने यानी 15 जनवरी को भोपाल सेना दिवस की गतिविधियों का साक्षी बनेगा। इस गरिमामय आयोजन में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि सेना के जवान दिन-रात देश की रक्षा में जुटे रहते हैं और उनके कारण ही हमारा लोकतंत्र सुरक्षित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेना का मनोबल बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल के शौर्य स्मारक में स्थापना दिवस कार्यक्रमों की शुरुआत की गई है और सेना दिवस का आयोजन राष्ट्रभक्ति तथा देशप्रेम की भावना को मजबूत करेगा।

केंद्र की परियोजनाओं से प्रदेश में बढ़ रहा निवेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पौने तीन वर्षों में प्रदेश के समग्र विकास के लिए कई कदम उठाए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग से मध्य प्रदेश को कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात मिली है। इनमें धार जिले का पीएम मित्र पार्क, बीना रिफाइनरी की विस्तार परियोजना, केन-बेतवा और पार्वती-कालीसिंध-चंबल अंतरराज्यीय नदी जोड़ो परियोजनाएं तथा मोहासा-बाबई रिन्यूएबल एनर्जी एंड पावर इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरिंग जोन शामिल हैं।

102 मेधावी विद्यार्थियों को एक-एक लाख रुपये की सम्मान राशि

राज्योत्सव में मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति के तहत प्रदेश के 102 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को एक-एक लाख रुपये की सम्मान राशि और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए।

भोपाल जिले से अक्षरा गोस्वामी और प्रीतम मांडलेकर को भी सम्मानित किया गया। अक्षरा शासकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज और प्रीतम सरदार वल्लभभाई पॉलिटेक्निक के विद्यार्थी हैं।

वहीं, किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज के विजेताओं को ट्रैक्टर, बुलेट मोटरसाइकिल और ई-स्कूटर पुरस्कार स्वरूप दिए गए। इस प्रतियोगिता में पूरे प्रदेश से 165 विजेताओं का चयन किया गया था। भोपाल जिले में संदीप वर्मा ने पहला, सुहानी राजपूत ने दूसरा और समीर गौड़ ने तीसरा स्थान हासिल किया।

मोनाली ठाकुर की प्रस्तुति ने बांधा समां

राज्योत्सव की सांस्कृतिक संध्या का प्रमुख आकर्षण पार्श्वगायिका मोनाली ठाकुर और उनकी टीम की प्रस्तुति रही। उन्होंने ‘सवार लूं’, ‘मोह-मोह के धागे’, ‘जरा-जरा टच मी’, ‘ख्वाब देखे’, ‘छम-छम’ और ‘बद्री की दुल्हनिया’ जैसे लोकप्रिय गीतों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।

समारोह की शुरुआत में 71 बच्चों ने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया। इसके बाद पुलिस बैंड की प्रस्तुति और आतिशबाजी ने आयोजन को खास बनाया।

दूसरे दिन लोक और जनजातीय नृत्यों की प्रस्तुति

तीन दिवसीय स्थापना दिवस समारोह के दूसरे दिन 2 नवंबर 2026 को शाम 6:30 बजे मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों के लोक एवं जनजातीय नृत्यों की प्रस्तुतियां होंगी। इसके बाद वाद्ययंत्रों पर केंद्रित ‘ब्रीदिंग फिएस्टा’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

विकास प्रदर्शनियां दोपहर 12 बजे से रात 8 बजे तक आम लोगों के लिए खुली रहेंगी। कृषि प्रदर्शनी में उन्नत बीज, जैविक इनपुट, आधुनिक कृषि यंत्र, स्मार्ट सिंचाई तकनीक, एग्री स्टार्टअप और नए कृषि प्रयोगों को प्रदर्शित किया जा रहा है।

इसके अलावा ‘मध्यप्रदेश में विरासत से विकास’, ‘जन-कल्याण एवं विकास’ और ‘राजा भोज का भोपाल’ विषय पर प्रदर्शनियां लगाई गई हैं। स्वाद-देशज व्यंजन मेले में प्रदेश के अलग-अलग अंचलों के पारंपरिक पकवान उपलब्ध हैं। किसान बाजार और महिला उद्यमिता मंडप में स्थानीय उत्पाद, हस्तशिल्प और महिला उद्यमियों के उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री की जा रही है।

लाल परेड ग्राउंड में महाराजा विक्रमादित्य शोध पीठ की ओर से ‘राजा भोज का भोपाल’ विषय पर तैयार 160 वॉटरकलर चित्रों की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इसके साथ ही उन्नत कृषि तकनीकों और जैविक खेती पर राज्य स्तरीय संगोष्ठी आयोजित की गई।

समारोह में भोपाल के प्रभारी एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य काश्यप, मंत्री कृष्णा गौर, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी और विष्णु खत्री, महापौर मालती राय, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव शिवशेखर शुक्ला और मुख्यमंत्री के सांस्कृतिक सलाहकार श्रीराम तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *