इंदौर। शहर में 15 नवंबर को पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट प्रस्तावित है। कार्यक्रम से पहले इंदौर के कई प्रतिष्ठित स्कूलों को धमकी भरा ईमेल मिलने से पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। ईमेल में कॉन्सर्ट आयोजित होने पर कार्यक्रम स्थल पर बम धमाके करने की चेतावनी दी गई है।

कॉन्सर्ट स्थल को बम से उड़ाने की धमकी
जानकारी के मुताबिक, शहर के अलग-अलग स्कूलों को मिले ईमेल में दिलजीत दोसांझ के आगामी कार्यक्रम का जिक्र किया गया है। संदेश भेजने वाले ने चेतावनी दी है कि यदि इंदौर में कॉन्सर्ट आयोजित किया गया तो आयोजन स्थल पर बम धमाके किए जाएंगे। मामला सामने आने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है।
साइबर सेल ईमेल की कर रही जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला है कि धमकी भरा ईमेल एक जीमेल आईडी से भेजा गया है। पुलिस की साइबर सेल ईमेल आईडी, सर्वर और आईपी एड्रेस की तकनीकी जांच कर रही है, ताकि संदेश भेजने वाले की पहचान की जा सके।