भोपाल। मध्य प्रदेश शासन ने केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर जाने की इच्छा जताने वाले 2012 बैच के चार IAS अधिकारियों के प्रस्तावों को आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया है। अधिकारियों ने केंद्र सरकार में सेवाएं देने के लिए राज्य से अनुमति और अनापत्ति मांगी थी। शासन ने प्रदेश में IAS अधिकारियों की कमी और अहम विभागों में उनकी मौजूदा जिम्मेदारियों का हवाला देते हुए फिलहाल उन्हें रिलीव करने से मना कर दिया है।

इन चार अधिकारियों के प्रस्ताव रोके गए
केंद्र में प्रतिनियुक्ति के लिए अनुमति मांगने वाले अधिकारियों में हर्षिका सिंह, रोहित सिंह, अभिजीत अग्रवाल और अनुराग चौधरी शामिल हैं। चारों 2012 बैच के IAS अधिकारी हैं। राज्य शासन ने उनके प्रस्तावों पर विचार कर उन्हें आगे बढ़ाने से इनकार किया है।
प्रदेश में IAS के 68 पद रिक्त
प्रस्ताव रोकने के पीछे प्रदेश में प्रशासनिक अधिकारियों की कमी को प्रमुख वजह बताया गया है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश में IAS के स्वीकृत पदों में से 68 पद रिक्त हैं। शासन का तर्क है कि इन अधिकारियों के जाने से प्रशासनिक कामकाज पर असर पड़ सकता है।
अहम विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे अधिकारी
चारों अधिकारी फिलहाल राज्य शासन के महत्वपूर्ण विभागों में पदस्थ हैं। हर्षिका सिंह संचालक, बजट हैं। रोहित सिंह प्रबंध संचालक, मध्य प्रदेश पाठ्यपुस्तक निगम और अभिजीत अग्रवाल प्रबंध संचालक, मार्कफेड की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वहीं, अनुराग चौधरी प्रबंध संचालक, मध्य प्रदेश मत्स्य महासंघ के पद पर तैनात हैं।
प्रशासनिक जरूरतों और इन विभागों में अधिकारियों की मौजूदा जिम्मेदारियों को देखते हुए राज्य शासन ने फिलहाल उनके केंद्रीय प्रतिनियुक्ति प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ाए हैं।