नई दिल्ली। कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में आदिवासी अधिकारों और उनसे जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी राजनीतिक और सामाजिक रणनीति तेज करने की तैयारी की है। दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में हुई एक अहम बैठक में प्रदेश के 89 आदिवासी ब्लॉकों पर विशेष ध्यान देने का फैसला लिया गया। पार्टी अब आदिवासी मुद्दों को जन आंदोलन के रूप में जमीन पर उतारने की रणनीति बना रही है।

आदिवासी अधिकारों और जल-जंगल-जमीन पर मंथन
दिल्ली में ‘मध्यप्रदेश आदिवासी अधिकार, संरक्षण एवं सशक्तिकरण समिति’ की बैठक में आदिवासी समाज से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। इसमें संवैधानिक अधिकारों की रक्षा, जल-जंगल-जमीन पर हक, शिक्षा, आजीविका, स्वास्थ्य और समग्र विकास जैसे विषय शामिल रहे।
बैठक में नेताओं ने कहा कि आदिवासी समुदाय के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाने की जरूरत है। साथ ही इस बात पर भी चर्चा हुई कि अतीत में पार्टी आदिवासियों से जुड़े बड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता तक क्यों नहीं पहुंचा सकी।
आदिवासी बहुल क्षेत्रों में संगठन मजबूत करने पर जोर
बैठक में तय किया गया कि प्रदेश के 89 आदिवासी ब्लॉकों में संगठन को मजबूत किया जाएगा और स्थानीय मुद्दों को लेकर जनता के बीच पहुंच बढ़ाई जाएगी। पार्टी की कोशिश इन क्षेत्रों में आदिवासी अधिकारों से जुड़े सवालों को व्यापक जन अभियान का रूप देने की है।
उमंग सिंघार, जीतू पटवारी समेत कई नेता शामिल
बैठक में मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी मौजूद रहे।
इसके अलावा समिति के सदस्य विक्रांत भूरिया, ओमकार सिंह मरकाम, फूंदेलाल मार्को, झूमा सोलंकी, संजय उइके, सुनील उइके और डॉ. अशोक मर्सकोले ने भी हिस्सा लिया। नेताओं ने आदिवासी बहुल इलाकों में पार्टी की सक्रियता बढ़ाने और समुदाय से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए सुझाव दिए।