शहडोल। जिला मुख्यालय के नए बस स्टैंड के पास एक बिरयानी दुकान में रखे घरेलू गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। सिलेंडर से ऊंची लपटें उठती देख आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। आग इतनी तेज थी कि कोई भी उसके करीब जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। कुछ देर के लिए मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए।

दमकल वाहन पहुंचने में देरी का आरोप
घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई। हालांकि, आरोप है कि सूचना मिलने के बावजूद दमकल वाहन काफी देर तक मौके पर नहीं पहुंचा। इस दौरान सिलेंडर से लगातार आग की लपटें उठती रहीं। आसपास के दुकानदार और राहगीर किसी बड़े हादसे की आशंका से परेशान रहे। गनीमत रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
दुकान में घरेलू गैस सिलेंडर के इस्तेमाल पर सवाल
जानकारी के मुताबिक, बिरयानी दुकान में व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए निर्धारित कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के बजाय घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग किया जा रहा था। घटना के बाद शहर के होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में गैस सिलेंडरों के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता
घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में इस्तेमाल नियमों की अनदेखी के साथ सुरक्षा के लिहाज से भी जोखिम पैदा कर सकता है। शहर में अन्य दुकानों और प्रतिष्ठानों में भी घरेलू सिलेंडरों के उपयोग की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में गैस के इस्तेमाल की जांच और सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर संबंधित विभागों की जिम्मेदारी पर सवाल उठ रहे हैं।