November 26, 2026

इंदौर। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले के कोकसर इलाके में इंदौर के हिमालया पब्लिक स्कूल के बच्चों को ले जा रही टेंपो ट्रैवलर सड़क से नीचे पलट गई। हादसे में सात बच्चे और एक शिक्षक घायल हो गए। वाहन में कुल 13 लोग सवार थे। राहत की बात है कि किसी की मौत नहीं हुई और घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

गढ़बोर के पास चालक ने खोया नियंत्रण

जानकारी के अनुसार, हिमालया पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों और शिक्षकों का दल शैक्षणिक यात्रा पर हिमाचल प्रदेश गया था। हादसे के समय टेंपो ट्रैवलर में 11 विद्यार्थी, एक शिक्षक और चालक सवार थे।

बताया गया कि कोकसर के पास गढ़बोर के निकट चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद टेंपो ट्रैवलर सड़क से नीचे ढलान की ओर पलट गई।

घायलों को सिस्सू और मनाली के अस्पतालों में पहुंचाया

हादसे के बाद कोकसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य किया गया। घायल सात बच्चों और शिक्षक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिस्सू और मनाली के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर

प्रशासनिक अधिकारियों और डॉक्टरों के मुताबिक, सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मिलने के बाद इंदौर में स्कूल प्रबंधन और बच्चों के परिजन चिंतित हो गए थे। घायलों की हालत स्थिर होने की जानकारी मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *