धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में लोकायुक्त इंदौर की टीम ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक शेरसिंह ठाकुर के तीन ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई की। बुधवार सुबह 5 बजे शुरू हुई कार्रवाई दोपहर 3:30 बजे तक चली। लोकायुक्त के मुताबिक, शुरुआती जांच में प्रबंधक के पास ज्ञात आय के स्रोतों से करीब 700 प्रतिशत अधिक संपत्ति होने के साक्ष्य मिले हैं।

40 से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों ने की जांच
लोकायुक्त की टीम ने नालछा के समीप ग्राम सोडपुर, नालछा और ऐतिहासिक नगरी मांडव स्थित तीन ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। करीब 10 घंटे 30 मिनट तक चली कार्रवाई में 40 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।
टीम ने अचल संपत्तियों, बैंक खातों और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की। लोकायुक्त निरीक्षक आशुतोष मिठास ने बताया कि शुरुआती छानबीन और दस्तावेजों के मूल्यांकन में शेरसिंह ठाकुर की आय के ज्ञात स्रोतों से लगभग 700 प्रतिशत अधिक संपत्ति सामने आई है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
कार्रवाई के दौरान मिले दस्तावेजों और संपत्तियों से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर लोकायुक्त टीम ने शेरसिंह ठाकुर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आय से अधिक संपत्ति का प्रकरण दर्ज किया है।
लोकायुक्त की ओर से मामले में आगे वित्तीय जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद संपत्तियों और आय के स्रोतों से जुड़े अन्य तथ्य सामने आ सकते हैं।