उज्जैन। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। नाश्ता लेने के लिए ट्रेन से उतरा एक यात्री वापस लौटते समय चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान उसका हाथ फिसल गया और वह ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच कमर तक फंस गया। मौके पर मौजूद RPF जवान रामचरण यादव ने एक अन्य व्यक्ति की मदद से यात्री को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पूरी घटना स्टेशन पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।

पोहा लेकर ट्रेन में चढ़ने की कर रहा था कोशिश
जानकारी के मुताबिक, काचीगुड़ा एक्सप्रेस उज्जैन स्टेशन से भोपाल की ओर रवाना हो रही थी। इसी दौरान ट्रेन में सफर कर रहा एक यात्री नाश्ता लेने के लिए प्लेटफॉर्म पर उतर गया। वह हाथ में पोहा लेकर वापस ट्रेन में चढ़ने पहुंचा, लेकिन तब तक ट्रेन चलने लगी थी।
जल्दबाजी में यात्री ने ट्रेन के दरवाजे का हैंडल पकड़कर चढ़ने की कोशिश की। इसी दौरान उसका हाथ फिसल गया और वह ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच जा फंसा।
RPF जवान ने तत्परता दिखाकर बचाई जान
यात्री को फंसा देखकर ड्यूटी पर तैनात RPF जवान रामचरण यादव तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने एक अन्य व्यक्ति की मदद से काफी मशक्कत के बाद यात्री को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना में यात्री को गंभीर चोट नहीं आई।
जवान की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। स्टेशन पर लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई।