भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के आगामी शीतकालीन सत्र को केवल पांच दिन का रखे जाने पर सियासत गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार के फैसले पर आपत्ति जताते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के सवालों और प्रदेश की गंभीर समस्याओं पर चर्चा से बचना चाहती है।

‘सदन छोटा कर सकती है सरकार, सवाल नहीं’
उमंग सिंघार ने कहा कि इससे पहले विधानसभा का मानसून सत्र भी पांच दिन के लिए निर्धारित किया गया था, लेकिन उसे तीन दिन में ही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि सरकार सत्र की अवधि कम कर सकती है, लेकिन जनता के सवालों से नहीं बच सकती।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश के 230 विधायक सात करोड़ से अधिक लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे में जनहित के मुद्दों और विधायी कार्यों पर व्यापक चर्चा के लिए विधानसभा सत्र की अवधि बढ़ाई जानी चाहिए।
इन मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगेगी कांग्रेस
उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल सदन में जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएगा। उन्होंने जिन प्रमुख विषयों पर सरकार से जवाब मांगने की बात कही, उनमें शामिल हैं:
- मौतों के मामले: बालाघाट में बच्चों की मौत और सागर-देवास में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों का मामला।
- किसानों की समस्याएं: फसलों के उचित दाम, खाद-बीज की किल्लत और किसानों की बदहाली।
- बेरोजगारी: प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं के भविष्य का मुद्दा।
- महिला सुरक्षा: महिलाओं की सुरक्षा और प्रदेश की कानून-व्यवस्था।
- आदिवासी अधिकार: आदिवासियों के अधिकार और उन पर हो रहे अत्याचार।
- शिक्षा और स्वास्थ्य: सरकारी शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति।
- प्रदेश पर कर्ज: राज्य सरकार पर लगातार बढ़ते कर्ज का मुद्दा।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि विधानसभा जनता की समस्याओं पर चर्चा का महत्वपूर्ण मंच है। कांग्रेस इन मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगेगी और सदन में अपनी आवाज बुलंद करेगी।