ग्वालियर। सरकारी कामकाज में लापरवाही और अपील दाखिल करने में 329 दिन की देरी पर मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने कड़ा रुख अपनाया है। अदालत ने ग्वालियर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. एमएस सागर को अपनी जेब से तीन लाख रुपये जमा करने का आदेश दिया है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव को उनके खिलाफ कार्रवाई कर एक महीने के भीतर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं।

329 दिन की देरी को कोर्ट ने नहीं माना जायज
मामला देवेंद्र सिंह परमार (मृतक) के विधिक उत्तराधिकारियों से जुड़े प्रकरण में राज्य शासन की ओर से दायर रिट अपील का है। अपील दाखिल करने में शासन की ओर से 329 दिन की देरी हुई थी। इस देरी को माफ कराने के लिए आवेदन दिया गया, लेकिन हाईकोर्ट ने उसमें बताए गए कारणों को संतोषजनक नहीं माना।
न्यायमूर्ति जीएस अहलूवालिया और न्यायमूर्ति अनुराधा शुक्ला की खंडपीठ ने सुनवाई के दौरान देरी के लिए सीएमएचओ डॉ. एमएस सागर को जिम्मेदार ठहराया और उन्हें तीन लाख रुपये अपनी जेब से जमा करने का आदेश दिया।
पूर्व अधिकारियों पर जिम्मेदारी डालने की दलील खारिज
सुनवाई के दौरान डॉ. एमएस सागर ने कहा कि उन्होंने हाल ही में पदभार संभाला है और अपील में देरी के लिए पूर्व अधिकारियों की लापरवाही जिम्मेदार है।
इस पर अदालत ने सवाल किया कि यदि पूर्व अधिकारियों की लापरवाही थी, तो उनके खिलाफ पहले कार्रवाई क्यों नहीं की गई? कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि सीएमएचओ ने आवेदन विभाग प्रमुख के तौर पर नहीं, बल्कि प्रकरण के प्रभारी अधिकारी यानी ओआईसी के रूप में पेश किया है। ऐसे में वह अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकते।
एक सप्ताह में जमा करने होंगे 3 लाख रुपये
हाईकोर्ट ने सीएमएचओ को एक सप्ताह के भीतर तीन लाख रुपये हाईकोर्ट की रजिस्ट्री में जमा करने का निर्देश दिया है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव को सीएमएचओ के खिलाफ कार्रवाई कर एक महीने के भीतर रिपोर्ट पेश करने को कहा है।
अदालत ने यह भी नाराजगी जताई कि सुप्रीम कोर्ट पहले ही मध्य प्रदेश शासन को अपीलों में देरी रोकने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने के निर्देश दे चुका है। इसके बावजूद सरकारी विभागों में समय-सीमा का पालन नहीं हो रहा है।
मामले की अगली सुनवाई 2 दिसंबर को होगी।