सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के छपारा में सोमवार तड़के एक मकान में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। हादसे के समय घर में परिवार के 10 सदस्य मौजूद थे। इनमें से चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि छह की आग में झुलसने से जान चली गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

सुबह 4 बजे के करीब लगी आग
जानकारी के मुताबिक, छपारा थाना क्षेत्र के महावीर वार्ड क्रमांक-7 में जैन मंदिर के पास कुंदन सोनी के मकान में सोमवार सुबह करीब 4 से 4:30 बजे आग लग गई। देखते ही देखते आग ने घर को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के वक्त परिवार के सभी 10 सदस्य मकान के अंदर थे।
मृतकों में 75 वर्षीय बुजुर्ग और 16 साल का किशोर शामिल
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कुंदन लाल सोनी (75), राजकुमारी सोनी (65), ऋतु सोनी (42), स्मृति सोनी (40), सूर्या सोनी (45) और आदित्य सोनी (16) के रूप में हुई है।
वहीं, अमायरा सोनी (7), रितेश सोनी (45), सौरभ सोनी (43) और आकर्ष सोनी (14) को सुरक्षित बचा लिया गया।
आग लगने का कारण अज्ञात, पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट या आतिशबाजी से आग लगने की जताई जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है। छपारा पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।