उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन जिले के ग्राम ढेडिंया में 2 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से निर्मित सर्वसुविधायुक्त ग्राम पंचायत भवन सह मैरिज गार्डन का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने स्वामित्व योजना के तहत जिले के 74 हजार 791 ग्रामीण मकान मालिकों को ऑनलाइन रजिस्ट्री का निष्पादन सौंपा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ग्रामीणों को उनके मकानों की कानूनी रजिस्ट्री देकर संपत्ति का वास्तविक मालिकाना हक दिला रही है। इससे ग्रामीण परिवारों और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिल रही है।

प्रदेश में मिसाल बना ढेडिंया का मैरिज गार्डन
मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत ढेडिंया के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पंचायत ने प्रदेश में एक अनूठी पहल की है। करीब 5 बीघा क्षेत्र में बने इस मैरिज गार्डन से पंचायत की आय बढ़ेगी और ग्रामीणों को विवाह सहित अन्य आयोजनों के लिए किफायती दरों पर आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
परिसर में 26 सुविधायुक्त कमरे, 12,880 वर्गफीट का विशाल डोम, 3,600 वर्गफीट का किचन शेड, ग्रीन लॉन, छोटा स्विमिंग पूल और भव्य स्टेज बनाया गया है। वहीं, 37 लाख रुपये की लागत से नए पंचायत भवन का निर्माण किया गया है। इसमें सरपंच, सचिव और पटवारी के लिए अलग-अलग कक्षों के साथ मीटिंग हॉल भी बनाया गया है।
स्वामित्व योजना में उज्जैन प्रदेश में दूसरे स्थान पर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि उज्जैन जिले में अब तक 74,791 हितग्राहियों के मकानों की रजिस्ट्री का काम पूरा हो चुका है। इस उपलब्धि के साथ जिला स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन में प्रदेश में दूसरे स्थान पर है।
उन्होंने कहा कि पहले ग्रामीण क्षेत्रों में मकानों के स्वामित्व को लेकर कानूनी दस्तावेजों की कमी रहती थी, जबकि शहरी क्षेत्रों में संपत्ति की रजिस्ट्री की व्यवस्था थी। अब राज्य सरकार ने ग्रामीण मकान मालिकों और पट्टेदारों को निःशुल्क रजिस्ट्री उपलब्ध कराने की पहल की है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस योजना के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का बजट रखा गया है और प्रदेश में 50 से 70 लाख लोगों को इसका लाभ दिया जा रहा है।
वस्त्र उद्योग से महिलाओं को मिल रहा रोजगार
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम ढेडिंया की महिलाएं वस्त्र उद्योग से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रही हैं। गांव में संचालित सिलाई कार्य के माध्यम से महिलाएं हर महीने 12 से 15 हजार रुपये तक कमा रही हैं।
उन्होंने बताया कि उज्जैन के नजदीक होने के कारण गांव के लोग अपने घरों में अतिरिक्त कमरे बनाकर होमस्टे भी शुरू कर सकते हैं। सरकार होमस्टे निर्माण के लिए 2 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता देगी। इसके साथ ही होमस्टे में बिजली का बिल घरेलू दरों पर लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने पशुपालकों को ऋण उपलब्ध कराने और सांची के माध्यम से गांव-गांव में दुग्ध समितियां गठित करने की बात भी कही।
राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों का सम्मान
कार्यक्रम के अंत में स्वामित्व पंजीयन योजना में उत्कृष्ट कार्य करने वाले राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इनमें तहसीलदार अनिरुद्ध मिश्रा और पटवारी कृष्णचंद्र शर्मा, कार्तिकेय सेंगर तथा कमलेन्द्र मिश्रा प्रमुख रूप से शामिल रहे।