November 29, 2026

छतरपुर। बागेश्वर धाम में हर साल की तरह इस बार भी दीपावली का पर्व भक्ति, उल्लास और राष्ट्रभक्ति के संगम के रूप में मनाया गया। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के साथ देशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बागेश्वर बालाजी मंदिर, यज्ञशाला और धाम परिसर में देशी घी के 11 हजार दीप प्रज्वलित किए। खास बात यह रही कि ये दीप देश के वीर शहीदों और सीमाओं पर तैनात सैनिकों को समर्पित किए गए।

धीरेंद्र शास्त्री ने की शहीदों के नाम एक दीप जलाने की अपील

बालाजी सरकार की पूजा-अर्चना और आरती के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने श्रद्धालुओं को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिस तरह भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने पर दीप जलाकर उनका स्वागत किया गया था, उसी तरह हर सनातनी के घर दीप जलने चाहिए।

उन्होंने भावुक संदेश देते हुए कहा कि हर व्यक्ति को एक दीपक शहीदों के नाम जरूर जलाना चाहिए। सैनिक अपनी दीपावली छोड़कर देशवासियों की दीपावली सुरक्षित बनाने के लिए भारत माता के चरणों में अपना जीवन समर्पित कर देते हैं।

कई राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु, हजारों भक्तों के साथ मनाया पर्व

इस दीपोत्सव में जम्मू, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों से श्रद्धालु पहुंचे। जम्मू से आए सुखबिंदर सिंह ने कहा कि घर से दूर बागेश्वर धाम जैसी पवित्र जगह पर गुरुजी के साथ शहीदों और देश की रक्षा में तैनात जवानों के नाम दीप जलाना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

गुजरात से पहली बार दीपावली मनाने पहुंचीं कोमल और आयुषी ने बताया कि उन्होंने ओम, सात्विक और सीताराम की आकृतियों वाली रंगोली सजाकर दीप प्रज्वलित किए।

वहीं, उत्तराखंड से आए श्रद्धालु केवी पाल ने कहा कि पहले वे परिवार के साथ घर पर दीपावली मनाते थे, लेकिन यहां हजारों भक्तों के साथ त्योहार मनाने का अनुभव बिल्कुल अलग है।

बागेश्वर धाम का यह दीपोत्सव केवल रोशनी का उत्सव नहीं रहा, बल्कि भगवान श्रीराम के प्रति आस्था, वीर शहीदों के सम्मान और देश की रक्षा में जुटे सैनिकों के प्रति कृतज्ञता का संदेश भी दे गया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *