November 29, 2026

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीपावली के दौरान कटनी और सिवनी जिले में हुए भीषण अग्निकांड पर गहरा दुख जताया है। दोनों हादसों में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। साथ ही मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर लिखा कि दीपावली पर्व पर कटनी जिले के बरही और सिवनी जिले के छपारा में आग लगने की दुखद घटनाओं में दो परिवारों के कई सदस्यों के निधन का समाचार अत्यंत हृदय विदारक है। उन्होंने दिवंगतों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए बताया कि राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि देने के निर्देश दिए गए हैं।

सीएम ने ईश्वर से दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

सिवनी में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत

सिवनी जिले के छपारा थाना क्षेत्र के महावीर वार्ड क्रमांक-7 में जैन मंदिर के पास सोमवार तड़के करीब 4 से 4:30 बजे कुंदन सोनी के मकान में आग लग गई। हादसे के वक्त घर में परिवार के 10 सदस्य मौजूद थे। आग की चपेट में आने से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

कटनी के बरही में दो माह के मासूम समेत छह की गई जान

दूसरी घटना कटनी जिले के बरही की है। यहां रात करीब 12 बजे पूरन अग्रवाल और रितेश अग्रवाल की क्रॉकरी दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में दो माह के मासूम समेत छह लोगों की मौत हो गई।

आग की लपटों के बीच इमारत में फंसे परिवार के सदस्यों को बचाने के प्रयास रातभर जारी रहे। सुबह करीब 6:30 बजे जेसीबी की मदद से दीवार तोड़कर परिवार के दो सदस्यों को बाहर निकाला गया। हादसे के बाद पूरे बरही क्षेत्र में शोक की लहर है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *