शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में पटाखे फोड़ने को लेकर दो पड़ोसियों के बीच शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। मामला थाने पहुंचने के बाद तनाव बढ़ गया और देखते ही देखते विवाद ने सांप्रदायिक रंग ले लिया। इसके विरोध में बड़ी संख्या में लोग फिजिकल थाने के बाहर जमा हो गए और एक पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया।

जुलूस निकालने और बुलडोजर चलाने की मांग
पूरा मामला शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र के करौंदी इलाके का बताया जा रहा है। थाने के बाहर जुटी भीड़ ने मुस्लिम पक्ष के लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने, उनका जुलूस निकालने और बुलडोजर चलाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर जाम लगा दिया।
कुछ ही देर में विरोध प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने पुलिस के एक वाहन में तोड़फोड़ कर दी। घटना के बाद मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, भीड़ को किया तितर-बितर
हालात बिगड़ते देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने स्थिति पर काबू पाया और भीड़ को मौके से हटाया।
पटाखे फोड़ने को लेकर शुरू हुआ पड़ोसियों का विवाद थाने के बाहर हंगामे और पुलिस वाहन में तोड़फोड़ तक पहुंच गया। फिलहाल विवाद के वास्तविक कारणों और पूरे घटनाक्रम में पुलिस की आगे की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।