November 29, 2026

सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर ललचहा मोड़ के पास दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना सामने आई है। पुरानी रंजिश और पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने पिस्तौल से तीन फायर किए। एक गोली युवक के बगल से निकल गई, जबकि दूसरी उसके पैर में जा लगी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें आरोपी प्रिंस यादव पिस्तौल से घनश्याम कुशवाहा पर गोली चलाने की कोशिश करता नजर आ रहा है। मौके पर मौजूद कुछ लोग उसे रोकने का प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं।

थाने में शिकायत की भनक लगते ही घनश्याम की तलाश में निकला आरोपी

पुलिस के मुताबिक, सेमरवारा निवासी घनश्याम कुशवाहा और बारापत्थर निवासी राजा यादव दोस्त हैं। शनिवार रात दोनों का आरोपी प्रिंस यादव के दोस्त अभिलाष लोधी से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। कहासुनी के दौरान अभिलाष ने घनश्याम को थप्पड़ मार दिया था।

इस मामले की शिकायत दर्ज कराने के लिए घनश्याम रविवार को नागौद थाने पहुंचा था। इसकी जानकारी मिलने पर अभिलाष ने अपने दोस्त प्रिंस यादव को खबर दी। आरोप है कि इसके बाद प्रिंस पिस्तौल लेकर घनश्याम की तलाश में ललचहा स्थित राणा यादव की दुकान पर पहुंचा और उसके बारे में पूछताछ करने लगा।

राणा यादव ने फोन कर घनश्याम को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर घनश्याम नागौद से ललचहा पहुंचा। आरोप है कि वहां प्रिंस ने पहले गाली-गलौज की और हवाई फायर करने के बाद घनश्याम पर गोलियां चला दीं।

घायल युवक का निजी अस्पताल में इलाज

गोली लगने के बाद घनश्याम को सिविल अस्पताल नागौद ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल परिजन उसका इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में करवा रहे हैं।

पुलिस घायल के बयान के आधार पर फरार आरोपी प्रिंस यादव की तलाश कर रही है।

बारापत्थर हत्याकांड की गवाही से जुड़े तार

इस गोलीबारी के तार नागौद के चर्चित बारापत्थर हत्याकांड से भी जुड़ते बताए जा रहे हैं। 5 मार्च को हुए इस हत्याकांड में आरोपी प्रिंस यादव को मुख्य आरोपी और हिस्ट्रीशीटर चंदन यादव का करीबी साथी बताया जा रहा है।

घायल घनश्याम कुशवाहा, मृतक अभय यादव के छोटे बेटे राजा यादव का दोस्त है। वहीं, अभय का बड़ा बेटा राणा यादव इस हत्याकांड का मुख्य गवाह है।

राणा यादव ने आरोप लगाया है कि जेल में बंद चंदन यादव अपने साथियों के जरिए गवाही से मुकरने का दबाव बनवा रहा है। उसका दावा है कि इलाके में दहशत फैलाने के लिए इस तरह की घटनाएं कराई जा रही हैं।

राणा के मुताबिक, इस मामले में 14 नवंबर को अदालत में उसकी गवाही होनी है। उसने आरोप लगाया कि गवाही से पहले दबाव बनाने के मकसद से गोलीबारी की यह घटना कराई गई। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *