November 29, 2026

उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन स्थित तिलकेश्वर महादेव गौशाला में विधि-विधान से गोवर्धन पूजा की। इस दौरान उन्होंने गौमाता को गुड़ खिलाकर पूजन-अर्चन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा स्थली है और इस नगरी का गौरवशाली इतिहास रहा है। गोवर्धन पूजा सनातन संस्कृति की पहचान है। उन्होंने कहा कि दीपावली पर गौधन का पूजन करने की परंपरा रही है। अब समय की जरूरत है कि लोग गौमाता की पूजा के साथ उनसे व्यक्तिगत रूप से भी जुड़ें और हर व्यक्ति अपने घर में गौमाता का पालन करे।

सिंहस्थ की तैयारियों में समाज का सहयोग जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन आगामी सिंहस्थ में करीब 40 करोड़ श्रद्धालुओं के आगमन और उनके प्रबंधन की तैयारी कर रहा है। इसके लिए शहर में 500 किलोमीटर से अधिक लंबाई की सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। तिलकेश्वर महादेव के पास स्थित वाल्मिकी धाम में नया पुलिस थाना भी बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि सिंहस्थ में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। शिप्रा नदी में पवित्र स्नान के लिए नए घाट बनाए जा रहे हैं। इन घाटों तक पहुंचने के लिए सुगम मार्गों की व्यवस्था भी की जा रही है।

श्रद्धालुओं के स्वागत और आतिथ्य की अपील

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन के नागरिकों से सिंहस्थ में आने वाले श्रद्धालुओं का खुले मन से स्वागत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यहां आने वाला हर श्रद्धालु शहर से अच्छे आतिथ्य और यादगार अनुभव के साथ लौटे, इसके लिए समाज की भागीदारी जरूरी है।

उन्होंने लोगों से अपनी खाली जमीन पर टेंट सिटी विकसित करने, घरों में अतिरिक्त कमरे बनाने और होटल व होमस्टे की सुविधाएं तैयार करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे श्रद्धालुओं को ठहरने की सुविधा मिलेगी और स्थानीय लोगों को अतिरिक्त आय का अवसर भी प्राप्त होगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *