November 29, 2026

छतरपुर। मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध बागेश्वर धाम में नेताओं और वीआईपी मेहमानों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में रविवार को बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी छतरपुर स्थित धाम पहुंचे। उन्होंने पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से आशीर्वाद लिया और बालाजी महाराज के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने बिहार की राजनीति और दिसंबर में प्रस्तावित बागेश्वर धाम की कथा को लेकर विपक्षी दलों पर निशाना साधा।

तेजस्वी यादव को खुली चुनौती

दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को चुनौती देते हुए कहा कि दिसंबर में बाबा बागेश्वर की कथा बिहार में तय है। जिसे जितनी हिम्मत हो, वह इस आयोजन को रोककर दिखाए।

उन्होंने कहा कि पिछली बार जब पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बिहार आए थे, तब राज्य में एनडीए या भाजपा की सरकार नहीं थी, लेकिन अब बिहार में सनातन और भाजपा की मजबूत सरकार है। मंत्री ने दावा किया कि विरोधियों को जवाब देने के लिए बिहार की 14 करोड़ जनता तैयार है।

पप्पू यादव पर भी साधा निशाना

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए मिथिलेश तिवारी ने सांसद पप्पू यादव पर भी टिप्पणी की। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “पप्पू, पप्पू होते हैं… उनकी बातों को सुनने या तवज्जो देने की जरूरत नहीं है।”

राम और कृष्ण को लेकर कही यह बात

भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण को लेकर चल रही बहस पर प्रतिक्रिया देते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि राम और कृष्ण एक ही शक्ति के रूप हैं। उनके मुताबिक, इस विषय पर अनावश्यक और बेतुकी बातें करना उनकी लीलाओं को न समझ पाने का परिणाम है।

दिसंबर में बिहार में होगी बाबा बागेश्वर की कथा

मंत्री मिथिलेश तिवारी ने दिसंबर में बिहार में होने वाली पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा को ऐतिहासिक आयोजन बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि बाबा बागेश्वर बिहार की 14 करोड़ जनता को आशीर्वाद देने पहुंचेंगे और प्रदेश की जनता उनका भव्य स्वागत करेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *