डबरा: मुख्यमंत्री के दतिया दौरे के मद्देनजर चल रही सघन सुरक्षा जांच के दौरान डबरा सिटी पुलिस ने दो बदमाशों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को पिछोर तिराहे पर एक स्विफ्ट कार से पकड़ा गया।
देहात थाना प्रभारी मिर्जा आसिफ बेग के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशिक उर्फ गुच्ची खान और भोला खान के रूप में हुई है। कार की तलाशी में एक देशी कट्टा, एक 12 बोर की बंदूक और कुल 26 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस के मुताबिक, आशिक उर्फ गुच्ची खान के खिलाफ पहले से चार गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि भोला खान का भी आपराधिक रिकॉर्ड है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से हथियारों के स्रोत और उनकी कथित मंशा के संबंध में पूछताछ कर रही है।