
बड़वानी जिले के खेतिया में मां कानबाई उत्सव के तहत कृषि उपज मंडी समिति परिसर में भव्य संगीत संध्या का आयोजन हुआ। दर्शकों से खचाखच भरे पंडाल में पद्मश्री अनुराधा पौडवाल और उनके साथ आए कलाकारों ने भजन, देशभक्ति गीत और फिल्मों के लोकप्रिय गीत प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में ‘शिव मेरा मंदिर, शिव तेरी पूजा’ और ‘चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है’ जैसे भजनों ने माहौल भक्तिमय कर दिया। अनुराधा पौडवाल की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।
कैलाश विजयवर्गीय ने भी गाया गीत
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी पहुंचे। आयोजक परिवार की ओर से उनका स्वागत किया गया। अनुराधा पौडवाल के अनुरोध पर विजयवर्गीय ने फिल्मी गीत ‘हमें तुमसे प्यार कितना’ गाकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
विजयवर्गीय ने अनुराधा पौडवाल के चार दशक लंबे संगीत सफर की प्रशंसा करते हुए सुर और साधना को एक-दूसरे का पर्याय बताया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
खेतिया पहुंचने पर भाजपा मंडल के कार्यकर्ताओं ने भी मंत्री विजयवर्गीय का स्वागत किया। आतिशबाजी के साथ हुए स्वागत कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष अजय यादव, पानसेमल नगर परिषद अध्यक्ष शैलेन्द्र भंडारकर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आयोजन को लेकर शहर में पहले से ही उत्साह का माहौल था। कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली और आयोजन शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।