Dhamtari News: नेपाल जाने निकला LLB छात्र लापता, प्रयागराज में मिला मोबाइल; 4 सितंबर को दर्ज हुई गुमशुदगी
धमतरी। कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम बिजनापुरी से एक 26 वर्षीय एलएलबी छात्र के लापता होने का मामला सामने आया है। युवक 15 अगस्त की शाम नेपाल जाने की बात कहकर घर से निकला था। कुछ दिनों तक परिवार से फोन पर संपर्क में रहने के बाद अचानक उसका मोबाइल बंद हो गया। बाद में उसका मोबाइल प्रयागराज में मिला, लेकिन युवक का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।

नेपाल जाने के लिए घर से निकला था युवक
जानकारी के मुताबिक, लापता युवक की पहचान सेवत कुमार साहू (26 वर्ष) के रूप में हुई है। वह एलएलबी का छात्र है। बताया गया कि वह 15 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे घर से नेपाल जाने के लिए निकला था।
19 अगस्त को सेवत ने अपने पिता को फोन कर पैसों की जरूरत बताई। इसके बाद पिता ने उसके फोन-पे के माध्यम से 700 रुपये भेजे।
20 अगस्त को हुई थी आखिरी बातचीत
परिजनों के मुताबिक, 20 अगस्त को भी युवक से फोन पर बातचीत हुई थी। इस दौरान उसने बताया था कि वह बनारस से आगे सफर में है।
हालांकि, उसी शाम के बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। परिजनों ने कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन युवक से बात नहीं हो सकी।
प्रयागराज में मिला युवक का मोबाइल
22 अगस्त को परिजनों ने युवक के मोबाइल नंबर पर दोबारा संपर्क किया। इस बार फोन अमन गुप्ता नामक व्यक्ति ने उठाया।
अमन ने परिजनों को बताया कि यह मोबाइल उसे प्रयागराज जिले के उग्रसेनपुर रेलवे स्टेशन फाटक के पास मिला है। मोबाइल मिलने की जानकारी के बाद भी सेवत से संपर्क नहीं हो पाया और उसका कोई पता नहीं चला।
रिश्तेदारों के यहां भी की गई तलाश
युवक के अचानक लापता होने के बाद परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी जानकारी ली गई, लेकिन सेवत के बारे में कोई सुराग नहीं मिला।
लगातार तलाश के बावजूद जब युवक 4 सितंबर तक घर वापस नहीं लौटा, तब उसके पिता ने कुरूद थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
BNS की धारा 140(3) के तहत जांच शुरू
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, BNS की धारा 140(3) के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस युवक की तलाश और उसके लापता होने की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
परिजन युवक के सुरक्षित वापस लौटने की उम्मीद कर रहे हैं। पुलिस मोबाइल फोन मिलने के स्थान समेत युवक के यात्रा मार्ग और संपर्कों से जुड़ी जानकारियों की भी पड़ताल कर रही है।