इंदौर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 19 सितंबर 2026 को इंदौर में प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। युवाओं और छात्रों को जोड़ने के लिए पार्टी इस आयोजन में राजनीतिक संवाद के साथ सांस्कृतिक और संगीतमय प्रस्तुतियों का भी संयोजन कर रही है। कांग्रेस की तैयारियों के मुताबिक कार्यक्रम में कई चर्चित कलाकार प्रस्तुति देंगे।

मंच पर राघव चैतन्य और V Unbeatable की प्रस्तुति
युवाओं को आकर्षित करने के लिए कार्यक्रम में विशेष कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। इनमें राघव चैतन्य का नाम प्रमुख है। फिल्मी और म्यूजिक इंडस्ट्री में पहचान बना चुके राघव चैतन्य अपनी प्रस्तुति देंगे।
इसके अलावा V Unbeatable डांस ग्रुप भी कार्यक्रम में परफॉर्म करेगा। यह डांस ग्रुप रियलिटी शो और America’s Got Talent से अपनी पहचान बना चुका है।
युवाओं के बीच लोकप्रिय रैपर लश्करी भी कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति देंगे। कांग्रेस की योजना के मुताबिक ये कलाकार राहुल गांधी की कार्यक्रम स्थल पर अगवानी भी करेंगे।
छात्राओं के लिए बनाया जाएगा ‘पिंक जोन’
कार्यक्रम में छात्राओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष ‘पिंक जोन’ तैयार करने की योजना है। यह जोन खास तौर पर कॉलेज और हॉस्टल से आने वाली छात्राओं के लिए बनाया जाएगा।
कांग्रेस का कहना है कि अलग व्यवस्था का उद्देश्य छात्राओं को कार्यक्रम में सहज और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।
‘भारत जोड़ो मैदान’ में होगा कार्यक्रम
कांग्रेस ने रीजनल पार्क के सामने प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का नाम ‘भारत जोड़ो मैदान’ रखा है। पार्टी के मुताबिक मैदान की बुकिंग और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं के तहत इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) में 10.08 लाख रुपये जमा कराए गए हैं।
यह मैदान 17 से 19 सितंबर तक के लिए बुक किया गया है। 19 सितंबर को इसी स्थल पर राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ संवाद कार्यक्रम प्रस्तावित है।
प्रशासनिक अनुमति का इंतजार
कांग्रेस नेताओं के अनुसार कार्यक्रम को लेकर युवाओं और छात्रों में उत्साह है। पार्टी स्तर पर तैयारियां लगातार की जा रही हैं और प्रशासनिक स्तर पर आधिकारिक अनुमति मिलने की उम्मीद जताई गई है।
कार्यक्रम में राहुल गांधी छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे। ऐसे में कांग्रेस इसे युवाओं से सीधे जुड़ने और छात्र राजनीति के मुद्दों को मंच देने वाले बड़े आयोजन के तौर पर तैयार कर रही है।