बिलासपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मंगलवार सुबह खूंटाघाट की छोटी नहर में एक वृद्ध का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

जानिए पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने सांधीपारा वार्ड क्रमांक 7 स्थित खूंटाघाट की छोटी नहर में एक वृद्ध का शव तैरता हुआ देखा। शव दिखाई देने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।
दो दिन से लापता था मृतक
मृतक की पहचान कनक कुमार राज (65) के रूप में हुई है, जो सांधीपारा क्षेत्र का निवासी था। बताया जा रहा है कि वह रविवार से लापता था और परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच मंगलवार सुबह उसका शव नहर में मिला।
फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।