September 13, 2026

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर में उपमुख्यमंत्री अरुण साव के दौरे के बीच भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस की ओर से दावा किया गया कि बुधवार को 50 भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। इस दौरान बीजापुर विधायक विक्रम शाह मंडावी और कांग्रेस जिलाध्यक्ष लालू राठौर मौजूद रहे।

कांग्रेस के इस दावे के बाद भाजपा ने इसे सिरे से खारिज कर दिया है। भाजपा जिलाध्यक्ष घासीराम नाग ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के कांग्रेस में शामिल होने की बात गलत है।

भाजपा जिलाध्यक्ष बोले- मांगों को लेकर पहुंचे थे ग्रामीण

घासीराम नाग ने कहा कि ग्रामीण अपनी कुछ मांगों को लेकर विधायक के पास पहुंचे थे। उनके मुताबिक इसे भाजपा कार्यकर्ताओं के कांग्रेस में प्रवेश के तौर पर पेश किया गया है।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बीजापुर विधायक अपनी “सस्ती लोकप्रियता” बनाए रखने के लिए इस तरह का राजनीतिक प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस के दावे को भ्रामक बताया।

कांग्रेस पर भ्रामक प्रचार का आरोप

नाग ने कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी और कांग्रेस जिला अध्यक्ष लालू राठौर पर भ्रामक प्रचार और राजनीतिक हथकंडों का सहारा लेने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि भाजपा एक मजबूत संगठन है और उसके कार्यकर्ता पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ पार्टी के साथ खड़े हैं। उन्होंने कांग्रेस से जनता को भ्रमित करने के बजाय अपने संगठन और जनाधार पर ध्यान देने की बात कही।

नगरीय निकाय चुनाव से पहले बढ़ी सियासी हलचल

भाजपा जिलाध्यक्ष ने आगामी नगरीय निकाय चुनाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस की “सस्ती और भ्रामक राजनीति” का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।

वहीं, कांग्रेस की ओर से 50 भाजपा कार्यकर्ताओं के पार्टी में शामिल होने का दावा किए जाने के बाद बीजापुर की स्थानीय राजनीति में हलचल बढ़ गई है। फिलहाल दोनों दलों के दावों के बीच यह मामला राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का विषय बन गया है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *