करीब 10 साल से बिस्तर पर जिंदगी गुजार रहे शशिकांत भरत के लिए अब इलाज की नई उम्मीद जगी है। उनकी परेशानी की जानकारी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तक पहुंची, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने खुद शशिकांत से फोन पर बात की और उन्हें बेहतर इलाज का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री की पहल के बाद जिला प्रशासन ने शशिकांत को बेहतर उपचार के लिए AIIMS भेजा है।

सड़क हादसे में रीढ़ की हड्डी में आई थी गंभीर चोट
धमतरी जिले के नगरी वनांचल निवासी शशिकांत भरत करीब 10 साल पहले सड़क हादसे का शिकार हुए थे। हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई थी। इसके बाद वह लकवाग्रस्त हो गए और लंबे समय से बिस्तर पर ही जीवन गुजार रहे हैं।
कई वर्षों से इलाज की जरूरत के बीच शशिकांत ने मदद के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से गुहार लगाई थी। उनकी परेशानी की जानकारी मुख्यमंत्री तक पहुंचने के बाद मामले में प्रशासनिक स्तर पर पहल शुरू हुई।
CM साय ने फोन पर की शशिकांत से बात
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शशिकांत से फोन पर बातचीत कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बेहतर इलाज का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री की पहल के बाद जिला प्रशासन ने शशिकांत के उपचार की व्यवस्था की और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए AIIMS में भर्ती कराया गया है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री की ओर से शशिकांत को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी दी गई है।
वीडियो जारी कर शशिकांत ने जताया आभार
इलाज के लिए AIIMS भेजे जाने के बाद शशिकांत ने वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने मुख्यमंत्री की पहल और प्रशासन की ओर से की गई मदद की जानकारी भी साझा की।
करीब एक दशक से गंभीर स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहे शशिकांत और उनके परिवार के लिए मुख्यमंत्री की पहल के बाद अब बेहतर उपचार की उम्मीद जगी है। AIIMS में होने वाले उपचार से उन्हें स्वास्थ्य में सुधार की नई उम्मीद है।