रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में कथित गुटबाजी को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा पर निशाना साधा है। बैज ने कांग्रेस में गुटबाजी से इनकार करते हुए इसे भाजपा का प्रोपेगेंडा बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं के बीच मतभेद हो सकते हैं, लेकिन इसे गुटबाजी के तौर पर पेश करना सही नहीं है।

दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एक साथ नजर आते हैं और उनके बीच आपसी भाईचारा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कभी टीएस सिंहदेव और भूपेश बघेल साथ दिखाई देते हैं, तो कभी वे खुद चरणदास महंत और टीएस सिंहदेव के साथ एक गाड़ी में नजर आते हैं।
‘कांग्रेस नेताओं के साथ आने से BJP को तकलीफ’
PCC अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के एक साथ नजर आने से भाजपा को परेशानी होती है। उनके मुताबिक कांग्रेस नेता एक ही गाड़ी में साथ जाते हैं और इससे पार्टी में आपसी एकजुटता का संदेश जाता है।
बैज ने कांग्रेस में गुटबाजी की चर्चाओं को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी के नेताओं के बीच अलग-अलग मुद्दों पर मतभेद हो सकते हैं, लेकिन इसे गुटबाजी बताना भाजपा द्वारा बनाया गया नैरेटिव है।
‘क्या BJP के बड़े नेता एक गाड़ी में साथ दिखते हैं?’
दीपक बैज ने भाजपा के नेताओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या कभी बृजमोहन अग्रवाल, अमर अग्रवाल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और धरमलाल कौशिक एक साथ एक गाड़ी में नजर आए हैं।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेताओं के बीच जो आपसी भाईचारा दिखाई देता है, वैसी तस्वीर भाजपा में नजर नहीं आती। यह टिप्पणी उन्होंने कांग्रेस में गुटबाजी को लेकर उठ रहे सवालों के जवाब में की।
कांग्रेस में ‘गुटबाजी’ पर क्या कहा?
दीपक बैज का कहना है कि कांग्रेस के नेताओं के बीच सामंजस्य है और पार्टी के वरिष्ठ नेता सार्वजनिक कार्यक्रमों में साथ दिखाई देते हैं। इससे पहले भी बैज कांग्रेस नेताओं के एक साथ चलने का उदाहरण देते हुए संगठन में सामंजस्य की बात कह चुके हैं।
वहीं, कांग्रेस में गुटबाजी को लेकर भाजपा की ओर से लगाए जाने वाले आरोपों को बैज ने राजनीतिक नैरेटिव बताते हुए खारिज किया है।