June 15, 2026

छत्तीसगढ़ में रायपुर से बलौदाबाजार और सारंगढ़ तक सफर करने वाले लोगों को जल्द ही जाम की समस्या से राहत मिल सकती है। रायपुर-बलौदाबाजार मार्ग के फोरलेन चौड़ीकरण का डीपीआर तैयार कर लिया गया है। इस परियोजना पर नेशनल हाईवे विभाग करीब 1500 करोड़ रुपए खर्च करेगा। सड़क चौड़ीकरण का काम दो चरणों में किया जाएगा, जिससे यात्रियों के 1 से सवा घंटे तक समय की बचत होने की उम्मीद है।

जानकारी के अनुसार, पहले चरण में धनेली से पुराना विधानसभा तक 11.610 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। इस हिस्से के लिए लगभग 500 करोड़ रुपए का बजट निर्धारित किया गया है। वहीं, दूसरे चरण में विधानसभा से पलारी तक करीब 72 किलोमीटर सड़क को फोरलेन बनाया जाएगा, जिस पर 1050 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।

परियोजना के तहत सड़क को सिर्फ फोरलेन ही नहीं बनाया जाएगा, बल्कि कई हिस्सों में सर्विस लेन का भी निर्माण होगा। इसके अलावा चार बड़े फ्लाईओवर और कई ओवरब्रिज बनाए जाएंगे, जिससे शहर और गांवों के बीच यातायात और अधिक सुगम हो सकेगा।

रायपुर-बलौदाबाजार-सारंगढ़ मार्ग के फोरलेन बनने से जाम और सड़क हादसों में कमी आने की संभावना है। भारी वाहनों के लिए अलग लेन उपलब्ध होगी, जिससे सीमेंट उद्योग को लाभ मिलेगा। साथ ही माल परिवहन आसान होगा और स्थानीय व्यापार एवं रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।

यहां बनेंगे फ्लाईओवर और ओवरब्रिज

  • नरदहा चौक पर 200 मीटर हिस्से को छोड़कर सिक्स लेन फ्लाईओवर बनाया जाएगा।
  • धनेली चौक पर पुराने पुल को तोड़कर नया फ्लाईओवर बनाया जाएगा।
  • धनेली गांव में नया फ्लाईओवर तैयार किया जाएगा।
  • टेकारी रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण होगा।
  • बरौदा गांव में भी ओवरब्रिज बनाया जाएगा।

नेशनल हाईवे के चीफ इंजीनियर ज्ञानेश्वर कश्यप ने बताया कि रायपुर-बलौदाबाजार सड़क चौड़ीकरण का काम दो चरणों में पूरा किया जाएगा। इसके लिए 1500 करोड़ रुपए का डीपीआर तैयार कर लिया गया है। पूरी ड्राइंग और डिजाइन दिल्ली मुख्यालय भेजी जाएगी। यदि किसी प्रकार के सुधार की आवश्यकता हुई तो उसे पूरा किया जाएगा, अन्यथा जल्द ही चौड़ीकरण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *