उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में आयोजित तीन दिवसीय ‘युवा धर्म संसद-2026 अवन्तिका’ में शुक्रवार को प्रसिद्ध पटकथा लेखक और गीतकार मनोज मुंतशिर पहुंचे। उन्होंने आयोजन के व्याख्यान सत्र में हिस्सा लिया और युवाओं से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे।

‘युवाओं के हाथ में भारत का भविष्य सुरक्षित’
कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में मनोज मुंतशिर ने युवाओं को भारत के भविष्य की ताकत बताया। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में सुरक्षित है।
मनोज मुंतशिर ने कहा कि यदि देश के युवा धर्म और कर्म के मार्ग पर आगे बढ़ते रहें तो भारत के भविष्य को कोई नुकसान नहीं पहुंचा सकता। उन्होंने आज की Gen Z में देश को आगे ले जाने की क्षमता होने की बात कही।
उन्होंने कहा, “जब तक यह Gen Z हमारे साथ है, भारत के भविष्य का कोई बाल भी बांका नहीं कर सकता।”
‘युवा धर्म संसद’ को बताया संवाद का मंच
मनोज मुंतशिर ने युवा धर्म संसद जैसे आयोजनों को युवाओं के साथ संवाद करने और विचार साझा करने का महत्वपूर्ण मंच बताया। उनके मुताबिक ऐसे कार्यक्रमों के जरिए युवाओं को धर्म, संस्कृति, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर चर्चा का अवसर मिलता है।
देशभर से पहुंचे हैं युवा
उज्जैन में आयोजित इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में देश के अलग-अलग हिस्सों से युवा शामिल हुए हैं। कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों में धर्म, भारतीय संस्कृति, सामाजिक दायित्व और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर चर्चा की जा रही है।
युवा धर्म संसद में इससे पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने भी युवाओं से संवाद किया और धर्म के व्यापक स्वरूप तथा जीवन में उसकी भूमिका पर अपने विचार रखे।