रायपुर। सड़क हादसे में घायल छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव करीब दो महीने तक दिल्ली में उपचार और स्वास्थ्य लाभ लेने के बाद बुधवार, 23 सितंबर को छत्तीसगढ़ लौटेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, वे दिल्ली से नियमित विमान से रवाना होकर शाम करीब 8 बजे रायपुर के माना एयरपोर्ट पहुंचेंगे।

किरण सिंह देव के वापस लौटने के साथ प्रदेश भाजपा संगठन में उनकी सक्रियता भी फिर शुरू होगी। उनके इलाज के दौरान प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने को लेकर चर्चाएं चल रही थीं, लेकिन अब उनके छत्तीसगढ़ लौटने की पुष्टि हो गई है।
29 जुलाई को हुआ था सड़क हादसा
किरण सिंह देव 29 जुलाई को परिवार के साथ बागेश्वर धाम से लौट रहे थे। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के तालबेहट क्षेत्र में झांसी-ललितपुर नेशनल हाईवे-44 पर उनकी इनोवा आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई थी।
हादसे में वे घायल हो गए थे। प्रारंभिक उपचार झांसी में कराया गया, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल ले जाया गया। वहां 3 अगस्त को हिप हेयरलाइन फ्रैक्चर की सर्जरी की गई। इसके बाद वे दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ निवास में स्वास्थ्य लाभ ले रहे थे।
करीब दो महीने बाद लौटेंगे छत्तीसगढ़
हादसे के बाद किरण सिंह देव करीब दो महीने दिल्ली में रहे। रिपोर्टों के अनुसार, उनका फिजियोथेरेपी सेशन भी पूरा हो चुका है और डॉक्टरों की सलाह के बाद उन्हें छत्तीसगढ़ लौटने की अनुमति मिली है।
उनके लौटने के बाद प्रदेश भाजपा के संगठनात्मक कामकाज में उनकी सक्रियता बढ़ने की उम्मीद है।
दिल्ली में नेताओं ने जाना हालचाल
स्वास्थ्य लाभ के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ निवास पहुंचकर किरण सिंह देव से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। नितिन नबीन ने 3 सितंबर को उनसे मुलाकात की थी।
अब उपचार और स्वास्थ्य लाभ के बाद किरण सिंह देव के रायपुर लौटने की तैयारी पूरी हो गई है। भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से उनके स्वागत की भी तैयारी की जा रही है।