September 23, 2026

आप किसी होटल या रेस्टोरेंट में जाते हैं, अच्छी-खासी कीमत चुकाकर थाली ऑर्डर करते हैं और भरोसा करते हैं कि आपकी प्लेट में परोसा जा रहा खाना सुरक्षित होगा। लेकिन जगदलपुर में सामने आई पनीर की लैब रिपोर्ट ने इसी भरोसे पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। शहर के अलग-अलग होटल और रेस्टोरेंट से लिए गए पनीर के सैंपल जांच में फेल हुए हैं। इनमें से एक सैंपल को लैब ने सीधे तौर पर असुरक्षित घोषित किया है।

तीन जगहों के पनीर सैंपल अमानक

खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर के अलग-अलग संस्थानों से पनीर के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे थे। रिपोर्ट सामने आने के बाद न्यू महावीर थाली, मितहरा रेस्टोरेंट और गंगा गोल्ड कंपनी के पैक्ड पनीर के सैंपल निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे।

वहीं होटल लक्ष्मण एवेन्यू से लिए गए पनीर के सैंपल को लैब रिपोर्ट में असुरक्षित बताया गया है। विभाग के अनुसार, असुरक्षित खाद्य पदार्थ का सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है।

लूज से पैक्ड पनीर तक, गुणवत्ता पर सवाल

जांच में सामने आए मामलों में सिर्फ होटल-रेस्टोरेंट में इस्तेमाल होने वाला लूज पनीर ही शामिल नहीं है। तीन संस्थानों से लूज पनीर के सैंपल लिए गए थे, जबकि गंगा गोल्ड का पैक्ड पनीर तमिलनाडु की कंपनी का बताया गया है।

इससे स्थानीय होटल-रेस्टोरेंट में परोसे जाने वाले पनीर के साथ-साथ बाजार में बिक रहे पैक्ड पनीर की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

पांच में से चार सैंपल फेल

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी पूनम कांडे ने बताया कि पिछले दो-तीन महीनों में पनीर के करीब 6 सैंपल जांच के लिए लिए गए थे। इनमें से 5 सैंपल की लैब रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है और 4 सैंपल फेल पाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि जिन संस्थानों के सैंपल मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं, उनके संचालकों को खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। संचालकों से जवाब मांगा गया है। जवाब मिलने के बाद रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच पर नजर

फिलहाल विभाग की ओर से संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। अब संचालकों के जवाब और खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत आगे होने वाली कार्रवाई पर नजर रहेगी। वहीं, उपभोक्ताओं के लिए यह रिपोर्ट होटल और रेस्टोरेंट में इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर सतर्क रहने का संकेत देती है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *