सिंगरौली। मोरवा थाना क्षेत्र के भूसा मोड़ निवासी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और ब्यूटी कॉन्टेस्ट विजेता निधि तिवारी की शनिवार शाम मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।

दिल्ली निवासी युवक से फोन पर बातचीत की जानकारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब 7:30 बजे निधि अपने कमरे में थीं। परिजनों के करीबी विनय सिंह के मुताबिक, घटना के दौरान वह दिल्ली निवासी एक युवक से फोन पर बातचीत कर रही थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर कथित तौर पर नाराजगी की बात सामने आई।
बताया गया कि युवक ने तत्काल निधि के परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन कमरे में पहुंचे और उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
हालांकि, निधि की मौत के पीछे वास्तविक कारण क्या था, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
सोशल मीडिया पर थी सक्रिय, ब्यूटी कॉन्टेस्ट में जीते थे खिताब
निधि तिवारी सोशल मीडिया पर सक्रिय थीं और बतौर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर उनकी पहचान थी। वह स्थानीय कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेती थीं। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न ब्यूटी कॉन्टेस्ट में कई खिताब हासिल किए थे।
निधि की मौत की खबर सामने आने के बाद परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
मोरवा थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ करने के साथ अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।