November 9, 2026

मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ उज्जैन EOW ने कार्रवाई करते हुए दलौदा पंचायत की सरपंच और उनके पति को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। EOW टीम ने दोनों को 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। आरोप है कि पंचायत से NOC जारी करने के एवज में रिश्वत की मांग की गई थी।

लोन की NOC के लिए मांगी थी रिश्वत

जानकारी के अनुसार, फरियादी विक्रम सिंह को पंचायत क्षेत्र से लोन स्वीकृत कराने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) की जरूरत थी। इसके लिए उन्होंने दलौदा पंचायत की सरपंच दुर्गा कैथवास और उनके पति अनिल कैथवास से संपर्क किया।

आरोप है कि NOC जारी करने के बदले सरपंच के पति अनिल कैथवास ने विक्रम सिंह से 4 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। इसके बाद फरियादी ने मामले की शिकायत EOW से की।

पंचायत में जाल बिछाकर पकड़ा

शिकायत मिलने के बाद उज्जैन EOW की टीम ने पहले आरोपों का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने के बाद टीम ने आरोपियों को रिश्वत लेते पकड़ने के लिए ट्रैप कार्रवाई की।

निर्धारित योजना के अनुसार जैसे ही विक्रम सिंह ने 4 हजार रुपये की रिश्वत की रकम सरपंच दुर्गा कैथवास और उनके पति अनिल कैथवास को दी, EOW की टीम ने दोनों को मौके पर पकड़ लिया।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई

EOW ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

EOW की कार्रवाई के बाद पंचायत स्तर पर रिश्वतखोरी का यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *