मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले बड़े बकायादारों के खिलाफ विद्युत विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। बार-बार नोटिस देने के बावजूद भुगतान नहीं करने वाले पांच उपभोक्ताओं के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की गई है। इन पर विभाग का करीब 3 लाख 94 हजार रुपये बिजली बिल बकाया है। कार्रवाई के बाद शहर के अन्य बकायादारों में भी हलचल मच गई है।

तहसीलदार न्यायालय के आदेश पर हुई कुर्की
जानकारी के मुताबिक, विद्युत विभाग ने संबंधित उपभोक्ताओं को बकाया बिजली बिल जमा करने के लिए कई बार नोटिस जारी किए थे। इसके बावजूद भुगतान नहीं किया गया। इसके बाद विभाग ने मामला तहसीलदार न्यायालय में पेश किया।
न्यायालय से कुर्की का आदेश मिलने के बाद विभागीय टीम ने पांचों बकायादारों के आवासों और प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर कुर्की संबंधी सूचना चस्पा की।
भुगतान नहीं करने पर सामान जब्त कर नीलाम करने की चेतावनी
विद्युत विभाग ने बकायादारों को अंतिम चेतावनी दी है। निर्धारित समय सीमा में बकाया राशि जमा नहीं करने पर उनकी चल-अचल संपत्ति और सामान जब्त कर नीलाम करने की कार्रवाई की जा सकती है। नीलामी से प्राप्त राशि के जरिए बिजली बिल का बकाया वसूल किया जाएगा।
बिजली बिल वसूली का अभियान आगे भी जारी रहेगा
सिंगरौली के शहर अभियंता दिनकर दुबे ने बताया कि बिजली बिल की शत-प्रतिशत वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बार-बार सूचना देने के बाद भी बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
विद्युत विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने की अपील की है।