उज्जैन। सड़क चौड़ीकरण के तहत उज्जैन की शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने का काम शुक्रवार सुबह शुरू हो गया। मस्जिद कमेटी के सदस्य फहीम सिकंदर ने बताया कि शहर काजी और कमेटी के पदाधिकारियों की प्रशासन के साथ बातचीत के बाद शांतिपूर्वक कार्रवाई पर सहमति बनी है। मुस्लिम समाज ने सड़क चौड़ीकरण का सम्मान करते हुए प्रभावित हिस्से को स्वेच्छा से हटाने में सहयोग करने की बात कही है।

मस्जिद कमेटी के मुताबिक, उनकी कोशिश थी कि धार्मिक स्थल को यथासंभव सुरक्षित रखा जाए। हालांकि, आपसी सहमति नहीं बनने के बाद सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे हिस्से को हटाने का निर्णय लिया गया।
समाज के लोगों ने खुद हटाना शुरू की दीवार
फहीम सिकंदर के अनुसार, शुरुआत में प्रशासन की ओर से कोई जेसीबी या पोकलेन मशीन मौके पर नहीं लाई गई। समाज के लोगों ने स्वयं मस्जिद की दीवार के प्रभावित हिस्से को हटाने का काम शुरू किया।
मस्जिद का कितना हिस्सा हटाया जाएगा, इसे लेकर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। करीब 3 से 8 फीट हिस्से को लेकर चर्चा चल रही है। कमेटी के अनुसार, अंतिम स्थिति प्रशासन और संबंधित पक्षों के बीच चर्चा के बाद स्पष्ट होगी।
पहले बनी थी तनाव की स्थिति
मस्जिद कमेटी के सदस्य ने बताया कि निर्णय की जानकारी रविवार रात सभी लोगों तक नहीं पहुंच पाने के कारण कुछ समय के लिए माहौल गर्म हो गया था। इस दौरान पथराव की स्थिति भी बनी थी। हालांकि, वरिष्ठ लोगों के हस्तक्षेप और प्रशासन के साथ बातचीत के बाद स्थिति शांत हो गई।
उन्होंने कहा कि प्रभावित हिस्से को स्वैच्छिक रूप से हटाए जाने की जानकारी सामने आने के बाद समाज के लोगों ने भी सहयोग किया।
सात से आठ दिन में पूरा हो सकता है काम
फहीम सिकंदर ने बताया कि प्रभावित हिस्से को हटाने और पूरी प्रक्रिया को पूरा करने में करीब सात से आठ दिन लग सकते हैं। आवश्यकता के अनुसार आगे मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा।
मस्जिद कमेटी ने पूरी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा और शांति बनाए रखने पर जोर दिया है। कमेटी के अनुसार, प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई को शांतिपूर्ण तरीके से पूरा किया जाएगा।