छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के कोयलांचल क्षेत्र की स्यालघोघरी स्थित खदान में सोमवार रात एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान सुमेर पिता बृजलाल के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक खदान के भीतर उसकी तबीयत बिगड़ी थी। मजदूर संगठनों ने खदान में ऑक्सीजन और वेंटिलेशन व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हुए प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

घटना के बाद खदान में काम कर रहे मजदूरों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने परिसर में एकत्र होकर नारेबाजी की। पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की प्रक्रिया की गई।
ड्रिलिंग के दौरान बिगड़ी मजदूर की तबीयत
जानकारी के अनुसार स्यालघोघरी खदान उमरेठ से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित है। इसका संचालन बिरला समूह की आरसीसीपीएल प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जाता है।
सोमवार रात की शिफ्ट में सुमेर खदान के नंबर-2 पिट में ड्रिलिंग का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। बताया जा रहा है कि उसे सांस लेने में परेशानी महसूस हुई। इसके बाद वह खदान के भीतर लगे पंखे के पास जाने का प्रयास करने लगा।
इसी दौरान चक्कर आने से वह जमीन पर गिर पड़ा। साथी मजदूरों ने तत्काल उसे व्हीलचेयर की मदद से खदान से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
सुमेर की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल छिंदवाड़ा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
प्रारंभिक तौर पर खदान के भीतर ऑक्सीजन की कमी और पर्याप्त वेंटिलेशन नहीं होने की बात सामने आई है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
मजदूर संगठनों ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
घटना के बाद मजदूर संगठनों ने खदान प्रबंधन पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाया है। इंटक मजदूर संगठन का कहना है कि इससे पहले भी इसी खदान में दो महिला मजदूरों के बेहोश होने की घटना सामने आई थी।
संगठन का दावा है कि उस समय प्रबंधन को वेंटिलेशन और ऑक्सीजन व्यवस्था को लेकर आगाह किया गया था, लेकिन इसके बावजूद पर्याप्त सुधार नहीं किए गए।
विधायक ने भी जताई नाराजगी
मजदूर की मौत की जानकारी मिलने के बाद परासिया विधायक सोहन वाल्मीकि ने भी नाराजगी जताई और खदान प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद खदान की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि मजदूर की मौत किन परिस्थितियों में हुई और क्या सुरक्षा मानकों के पालन में किसी तरह की लापरवाही हुई थी।